ब्रह्माकुमारीज बरेली ने दिया खुशहाल एवं सकारात्मक जीवन का संदेश

bareillylive@ब्रह्माकुमारीज बरेली ने दिया खुशहाल एवं सकारात्मक जीवन का संदेश

@Bareillylive: ब्रह्माकुमारीज, बरेली द्वारा शुक्रवार, 30 अक्टूबर 2026 को कुतुबखाना रोड स्थित पंडित राधेश्याम कथावाचक हॉल में ‘दिव्य तपोनिष्ठ युगलों का सम्मान समारोह’ आयोजित किया गया। कार्यक्रम का मुख्य विषय ‘परमात्म पालना से श्रेष्ठ गृहस्थ जीवन’ रहा। इस अवसर पर खुशहाल एवं सकारात्मक जीवन जीने की कला, मानसिक शांति तथा पारिवारिक मूल्यों के महत्व पर विशेष प्रस्तुतियाँ दी गईं।
कार्यक्रम में राजयोगिनी

ब्रह्माकुमारी डॉ. ऊषा दीदी के सानिध्य में उपस्थित लोगों को जीवन की व्यस्तता के बीच स्वयं के लिए समय निकालने, मन की उलझनों को शांत करने और सकारात्मक दृष्टिकोण अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। प्रोजेक्टर के माध्यम से प्रस्तुति दिखाई गई, जिसमें आध्यात्मिक ज्ञान, ईश्वरीय प्रेम और श्रेष्ठ गृहस्थ जीवन के संदेश को सरल रूप में समझाया गया। सभागार में बड़ी संख्या में शहरवासी उपस्थित रहे और प्रस्तुति को गंभीरता से देखते-सुनते रहे।

कार्यक्रम के प्रातःकालीन सत्र में ब्रह्माकुमारी संस्था से दस वर्षों से अधिक समय से जुड़े 58 विवाहित युगलों का सम्मान किया गया। इस अवसर पर राजयोगिनी उषा दीदी ने कहा कि परमात्मा के प्रेम और पालना में रहकर ईश्वरीय ज्ञान को जीवन में अपनाना ही श्रेष्ठ गृहस्थ जीवन का आधार है। उन्होंने कहा कि यह ज्ञान समाज के हर वर्ग और हर आयु के व्यक्ति के लिए उपयोगी है तथा इससे व्यक्ति के जीवन में शांति, संतुलन और सकारात्मकता आती है।

सायंकालीन सत्र में विभिन्न क्षेत्रों से आए विशिष्ट अतिथियों ने कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई। इनमें डॉ. बिमल भारद्वाज (IMA एसोसिएशन), पार्थ गौतम (संस्थापक, पार्थ फाउंडेशन), अनुराग सक्सेना (अध्यक्ष, ऑल इंडिया होटल एसोसिएशन), डॉ. मोनिका अग्रवाल (राजश्री मेडिकल कॉलेज), डॉ. अशोक (अशोक किरण हॉस्पिटल), योगेश पटेल (ब्लॉक प्रमोटर) एवं सेवानिवृत्त पूर्व डीआईजी विकास वैद्य शामिल रहे।

क्षेत्रीय संचालिका पार्वती दीदी ने सभी अतिथियों का स्वागत एवं अभिनंदन किया। अनुराग भाई ने उपस्थित अतिथियों का परिचय कराया। मोहित भाई, कौशिक भाई एवं बच्चों ने सुंदर सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ और भक्तिपूर्ण गीत प्रस्तुत किए, जिन्होंने कार्यक्रम के माहौल को और भी प्रेरणादायी बना दिया। कार्यक्रम के दोनों सत्रों का सफल संचालन रजनी दीदी ने किया।

आयोजन का उद्देश्य लोगों को आध्यात्मिक मूल्यों, पारिवारिक प्रेम, आपसी सद्भाव और संस्कारयुक्त जीवन के प्रति जागरूक करना रहा। कार्यक्रम के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि आध्यात्मिक ज्ञान और परमात्म पालना को अपनाकर गृहस्थ जीवन को खुशहाल, शांतिपूर्ण एवं आदर्श बनाया जा सकता है। कार्यक्रम दोपहर 3 बजे से शाम 6 बजे तक चला और उपस्थित लोगों ने इसे प्रेरणादायक अनुभव बताया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!