@bareillylive: नाथ नगरी बरेली के बरेली क्लब मैदान में “मिनी उत्तराखंड” को बसाने के लिए प्रसिद्ध उत्तर भारत के नंबर 1 मेले के रूप में चर्चित 31वें उत्तरायणी मेला 2027 की तारीखों की घोषणा कर दी गई है। उत्तरायणी जन कल्याण समिति (पंजीकृत), बरेली की आम सभा की बैठक 1 नवंबर 2026 को प्रातः 10 बजे खुशहाल सभागार में आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता समिति अध्यक्ष अमित पंत ने की, जबकि मंच संचालन महामंत्री रामेश्वर पांडेय ने किया।
मीडिया प्रभारी रमेश शर्मा ने बताया कि उत्तराखंड की सांस्कृतिक धरोहर को संजोते हुए यह धार्मिक एवं सांस्कृतिक मेला 14, 15 और 16 जनवरी 2027 को बरेली क्लब मैदान पर आयोजित होगा। मेले में प्रवेश पूर्णतः निःशुल्क रहेगा और यह प्रतिदिन प्रातः 10 बजे से रात्रि 10 बजे तक चलेगा। उन्होंने कहा कि यह मेला पहाड़ की संस्कृति, लोक कला, परंपरा और उत्पादों को बरेली के जनमानस तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण मंच बन चुका है।
कोषाध्यक्ष कमलेश बिष्ट ने मेले के कोष एवं आयोजन से जुड़ी विस्तृत जानकारी दी। मेला प्रभारी चंदन नेगी ने बताया कि तारीखों की आधिकारिक घोषणा से पूर्व ही 40 स्टालों की बुकिंग पूरी हो चुकी है, जो मेले की लोकप्रियता और व्यापारियों के उत्साह को दर्शाती है। मुन्ना पाठक के नेतृत्व में टेंडर प्रक्रिया पारदर्शी ढंग से संपन्न कर ली गई है।
सांस्कृतिक प्रभारी दानु ने बताया कि इस बार पुराने कलाकारों को दोहराया नहीं जाएगा। नए और उभरते कलाकारों से संपर्क कर उन्हें मंच देने का अभियान जारी है, ताकि मेले में उत्तराखंड की ताजा लोक संस्कृति और नई प्रतिभाओं को बढ़ावा मिले। डॉ. विनोद पागरानी ने आयोजन के लिए हर संभव सहयोग का आश्वासन देते हुए 2027 के मेले की सफलता की शुभकामनाएं दीं।
बैठक में एडवोकेट गिरीश पांडेय, डॉ. मनोज पांडेय, डॉ. अनिल बिष्ट, तारा जोशी, भूपाल सिंह बिष्ट, प्रकाश जोशी, मुन्ना पाठक, प्रकाश पाठक, भवानी जोशी, एन.डी. पांडेय, कुंवर सिंह बिष्ट, उमेश बिनवाल, जीत सिंह बोहरा, सुदेश भदुला, योगेश जोशी, पूरन मेहरा, जगदीश सती, कैप्टन शेर सिंह, सी.बी. तिवारी, देव भट्ट, देवेंद्र रावत, पदम रावत, गौरव पांडेय, गोपाल मेहरा, शंकर सिंह बोहरा, जगदीश आर्य, प्रभात गैरोला, रजत बिष्ट तथा कैलाश उपाध्याय सहित अनेक गणमान्य नागरिकों ने प्रतिभाग किया। सभी ने मेले को और अधिक दिव्य, भव्य, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित बनाने हेतु अपने सुझाव रखे।
अंत में अध्यक्ष अमित पंत ने मीडिया का सादर अभिवादन स्वीकार किया और कहा कि जनसहयोग, समिति के पदाधिकारियों तथा मीडिया के सहयोग से ही यह मेला उत्तराखंड के साथ-साथ नाथ नगरी बरेली की आन-बान-शान बन चुका है।






Leave a Reply