उत्तराखंड के सांस्कृतिक दलों के साथ स्थानीय कलाकार भी देंगे प्रस्तुतियां, दोपहर 2 से रात 9 बजे तक चलेगा कार्यक्रम
बरेली@bareillylive:बरेली। पर्वतीय समाज की ओर से उत्तराखंड स्थापना दिवस इस बार 15 नवंबर को जवाहर लाल नेहरू युवा केंद्र में भव्य एवं दिव्य रूप से मनाया जाएगा। दीपावली पर्व के चलते कार्यक्रम की तिथि में बदलाव किया गया है। आयोजन को यादगार बनाने के लिए कुर्मांचल नगर स्थित भोलेनाथ मंदिर परिसर में पर्वतीय समाज की आवश्यक बैठक हुई, जिसमें तैयारियों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में महासचिव डॉ. नरेंद्र सिंह बिष्ट ने बताया कि दीपावली के कारण उत्तराखंड स्थापना दिवस समारोह अब 15 नवंबर को आयोजित करने का निर्णय लिया गया है। उन्होंने सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से आयोजन की सफलता के लिए सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की।
उपाध्यक्ष एवं पूर्व सभासद कैंट मदन सिंह बिष्ट ने कहा कि कार्यक्रम को भव्य स्वरूप देने के लिए सभी कार्यकर्ताओं को तन, मन और धन से सहयोग करना होगा। वहीं, कोषाध्यक्ष इंद्र सिंह बिष्ट ने सभी साथियों से पूरी लगन और मनोयोग के साथ तैयारियों में जुटने का आह्वान किया।
उत्तराखंड की लोकसंस्कृति और लोकगीतों से सजेगी शाम
कार्यक्रम के लोक गायक एवं सांस्कृतिक प्रभारी पूरन दानू ने बताया कि समारोह में उत्तराखंड से विशेष सांस्कृतिक टीमें पहुंचेंगी, जो अपनी पारंपरिक लोकसंस्कृति और रंगारंग प्रस्तुतियों से समां बांधेंगी। वरिष्ठ सलाहकार कुंवर सिंह बिष्ट ने कहा कि पर्वतीय समाज के इस स्थापना दिवस समारोह की पहचान अब देशभर में बन चुकी है।
मीडिया प्रभारी देवेंद्र रावत ने बताया कि उत्तराखंड से आने वाले सांस्कृतिक दलों के साथ स्थानीय टीमें भी आकर्षक प्रस्तुतियां देंगी। समारोह दोपहर 2 बजे से रात 9 बजे तक चलेगा। इसमें आमजन के लिए प्रवेश पूरी तरह निःशुल्क रहेगा।
ये रहे मौजूद
बैठक में पुष्कर सिंह बोरा, प्रभात गैरोला, पूरन सिंह मेहरा, गोपाल राणा, संजय नेगी, उमेश बिनवाल, आनंद सिंह मेहता, पूरन जोशी, दीपक जोशी, पवन भट्ट, सोमा परिहार, पंडित नवीन चन्द्र जोशी एवं नंदनी अधिकारी सहित पर्वतीय समाज के अनेक लोग उपस्थित रहे।






Leave a Reply