मातृशक्ति का समर्पण राष्ट्र निर्माण में अतुलनीय : संजीव अग्रवाल

bareillylive@मातृशक्ति का समर्पण राष्ट्र निर्माण में अतुलनीय संजीव अग्रवाल

दीपावली पर मातृशक्ति वंदन-अभिनंदन कार्यक्रम में आशा, आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों और सफाईकर्मी बहनों का किया सम्मान

बरेली@bareillylive:बरेली। दीपावली के पावन अवसर पर शुक्रवार को पं. राधेश्याम कथावाचक स्मार्ट सिटी ऑडिटोरियम, बिहारीपुर में मातृशक्ति वंदन-अभिनंदन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कैंट विधानसभा क्षेत्र की आशा कार्यकत्रियों, आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों, सहायिकाओं और सफाईकर्मी महिलाओं को उनके समर्पण एवं उत्कृष्ट सेवाओं के लिए सम्मानित किया गया। मुख्य अतिथि कैंट विधायक एवं भाजपा के सह कोषाध्यक्ष संजीव अग्रवाल ने कार्यक्रम का शुभारंभ किया।

इस अवसर पर विधायक संजीव अग्रवाल ने कहा कि समाज और राष्ट्र के नवनिर्माण में मातृशक्ति का योगदान अतुलनीय है। आशा और आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां स्वास्थ्य एवं बाल विकास से जुड़ी सरकारी सेवाओं को घर-घर तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। वहीं, स्वच्छता के क्षेत्र में कार्यरत बहनों का योगदान भी समाज के लिए बेहद महत्वपूर्ण और प्रेरणादायी है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में डबल इंजन की सरकार महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और स्वावलंबन के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। महिलाओं की भागीदारी और सशक्तिकरण से ही विकसित एवं आत्मनिर्भर राष्ट्र का निर्माण संभव है।

कार्यक्रम के दौरान विधायक ने स्वास्थ्य, बाल विकास और स्वच्छता के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाली मातृशक्ति को सम्मानित किया। उन्होंने सभी को धनतेरस, दीपावली, गोवर्धन पूजा एवं भाई दूज की शुभकामनाएं देते हुए उनके सुख, समृद्धि और उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

इस मौके पर महानगर उपाध्यक्ष अमरीश कठेरिया, अरुण कश्यप, हर्षित, डॉ. गौरव गंगवार, सुंदरम सक्सेना, अमित सक्सेना, नीतू अग्रवाल, गीता चौरसिया, रजनी देवी, पिंकी लखेरा, नीलम, निर्मला, नीलम सक्सेना, विमला कन्नौजिया, सरिता, मधु, शकुंतला, पूजा और सपना सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!