रामगंगा घाट पर दिव्य गंगा महाआरती और दीपदान, नदी संरक्षण का लिया संकल्प

bareillylive@रामगंगा घाट पर दिव्य गंगा महाआरती और दीपदान

विश्व नदी दिवस पर सैकड़ों दीपों से जगमगाया चौबारी घाट, विद्यार्थियों ने भी विभिन्न जागरूकता गतिविधियों में लिया हिस्सा

बरेली। विश्व नदी दिवस के अवसर पर बुधवार को गंगा समग्र एवं जिला गंगा समिति (नमामि गंगे) की ओर से गंगा महोत्सव के अंतर्गत रामगंगा घाट, चौबारी पर भव्य गंगा महाआरती एवं दीपदान का आयोजन किया गया। इस दौरान सैकड़ों दीपों से रामगंगा का तट जगमगा उठा। श्रद्धा और भक्ति के वातावरण में आयोजित कार्यक्रम में लोगों ने नदियों के संरक्षण, स्वच्छता और जल प्रदूषण रोकने का संकल्प लिया।

गंगा समग्र के महानगर संयोजक ठाकुर अखिलेश सिंह ने बताया कि 4 नवंबर 2026 को जनपद में गंगा उत्सव एवं विश्व नदी महोत्सव के तहत विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। उन्होंने कहा कि नदियां केवल जल का स्रोत नहीं, बल्कि हमारी संस्कृति, आस्था और जीवन का आधार हैं। इनकी निर्मलता और अविरलता बनाए रखना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है।

गंगा महाआरती का आयोजन गंगा समग्र, नाथनगरी ब्रजप्रांत एवं जिला गंगा समिति (नमामि गंगे) के संयुक्त तत्वावधान में किया गया। जिला परियोजना अधिकारी, नमामि गंगे नागेंद्र कुमार निषाद ने कहा कि ऐसे आयोजनों के माध्यम से लोगों को नदियों के पारिस्थितिक, सांस्कृतिक और धार्मिक महत्व के प्रति जागरूक किया जाता है। उन्होंने आमजन से नदियों को स्वच्छ रखने और जल प्रदूषण रोकने में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की।

विद्यालयों में आयोजित हुईं जागरूकता गतिविधियां

गंगा उत्सव के तहत दिन में जनपद के विभिन्न विद्यालयों एवं घाटों पर चित्रकला प्रतियोगिता, नारा लेखन, प्रश्नोत्तरी, स्वच्छता अभियान, गंगा शपथ और जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। इनमें विद्यार्थियों और स्थानीय लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। बच्चों को नदियों की स्वच्छता, जल प्रदूषण की रोकथाम और जलीय जीवों के संरक्षण के महत्व की जानकारी दी गई।

मंत्रोच्चार के बीच हुई महाआरती, दीपों से जगमगाया घाट

शाम पांच बजे रामगंगा घाट, चौबारी पर दिव्य गंगा महाआरती और दीपदान का आयोजन किया गया। मंत्रोच्चार के बीच विधि-विधान से माँ रामगंगा की आरती की गई। इसके बाद श्रद्धालुओं ने दीपदान कर नदी के प्रति अपनी आस्था प्रकट की। सैकड़ों दीपों से सजे घाट का दृश्य मनमोहक रहा।

कार्यक्रम में श्रीमती भावना सिंह, डॉ. रामायण सक्सेना, विशेष कुमार, हरपाल सिंह हैरी, बृजेश कुमार मिश्रा, श्रीमती मनसा मिश्रा तथा वन विभाग के शिवनेश शर्मा सहित अनेक लोग मौजूद रहे। अतिथियों को पटका एवं जिला गंगा समिति (नमामि गंगे) की टी-शर्ट देकर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम का संयोजन एवं गंगा महाआरती का संचालन ठाकुर अखिलेश सिंह ने किया। अंत में सभी उपस्थित लोगों ने माँ गंगा एवं अन्य नदियों की निर्मलता और अविरलता बनाए रखने, जल स्रोतों को प्रदूषण से बचाने तथा जल संरक्षण के लिए निरंतर प्रयास करने का संकल्प लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!