दीपावली से पहले 163 परिवारों को मिला अपने घर का सपना, बीडीए को 86 करोड़ की आय

bareillylive@रामगंगा नगर और ग्रेटर बरेली में 163 भूखंडों का आवंटन, बीडीए को 86 करोड़ की आय

रामगंगा नगर और ग्रेटर बरेली आवासीय योजनाओं के भूखंडों का पारदर्शी लॉटरी ड्रा, बच्चों ने निकालीं पर्चियां; सफल आवंटियों को जल्द मिलेंगे आवंटन पत्र

बरेली@bareillylive:बरेली। दीपावली से पहले बरेली विकास प्राधिकरण (बीडीए) ने 163 परिवारों को अपने घर का सपना साकार करने का अवसर दिया है। शुक्रवार को रामगंगा नगर और ग्रेटर बरेली आवासीय योजनाओं के विभिन्न सेक्टरों में आवासीय भूखंडों का लॉटरी के माध्यम से आवंटन किया गया। इस प्रक्रिया से बीडीए को करीब 86 करोड़ रुपये की आय हुई है।

बच्चों ने निकालीं लॉटरी की पर्चियां

बीडीए कार्यालय में आयोजित लॉटरी ड्रा में पूरी प्रक्रिया पारदर्शी और निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराई गई। सभी पर्चियों को पारदर्शी बॉक्स में रखा गया। निष्पक्षता का संदेश देने के लिए बच्चों के हाथों से लॉटरी की पर्चियां निकलवाई गईं। इस दौरान बीडीए उपाध्यक्ष सौम्या पांडेय सहित प्राधिकरण के अधिकारी मौजूद रहे।

लॉटरी में रामगंगा नगर और ग्रेटर बरेली योजनाओं के विभिन्न सेक्टरों के अलग-अलग आकार के आवासीय भूखंड शामिल किए गए थे। इससे मध्यम वर्ग सहित विभिन्न श्रेणियों के आवेदकों को अपनी जरूरत और बजट के अनुरूप भूखंड पाने का अवसर मिला।

पारदर्शी विकास प्रक्रिया पर जोर

मंडलायुक्त शंभू कुमार की प्रेरणा और बीडीए उपाध्यक्ष सौम्या पांडेय के निर्देशन में आयोजित इस लॉटरी को पारदर्शी आवंटन प्रक्रिया की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया गया। उपाध्यक्ष ने कहा कि शासन की प्रत्येक प्रक्रिया पारदर्शी होनी चाहिए। प्रत्येक परिवार को सुरक्षित और बेहतर आवास उपलब्ध कराना प्राधिकरण की प्राथमिकता है।

उन्होंने सफल आवंटियों को दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि जिन आवेदकों का चयन इस बार नहीं हो सका है, उन्हें आगामी आवासीय योजनाओं में फिर अवसर मिलेगा। सफल आवंटियों को आवंटन पत्र जारी करने समेत आगे की कार्रवाई निर्धारित नियमों के अनुसार समयबद्ध तरीके से पूरी की जाएगी।

आधुनिक सुविधाओं से लैस होंगी आवासीय योजनाएं

रामगंगा नगर और ग्रेटर बरेली आवासीय योजनाओं की लोकेशन को भी महत्वपूर्ण बताया गया है। ये योजनाएं बरेली-बीसलपुर मार्ग और दिल्ली-लखनऊ हाईवे के निकट स्थित हैं। रेलवे स्टेशन, सैटेलाइट बस स्टेशन और एयरपोर्ट तक पहुंच भी अपेक्षाकृत सुगम रहेगी।

योजनाओं में चौड़ी सड़कें, भूमिगत विद्युत लाइनें, पार्क और शॉपिंग कॉम्प्लेक्स जैसी आधुनिक सुविधाएं प्रस्तावित हैं। आवंटियों को भूखंड की अवशेष धनराशि त्रैमासिक किस्तों में जमा करने की सुविधा भी दी जाएगी।

बीडीए की कुल आय में 211 करोड़ का इजाफा

बीडीए ने इससे पहले इन्हीं योजनाओं के व्यावसायिक और सार्वजनिक उपयोग के भूखंडों की नीलामी की थी। इसमें 106 भूखंडों के आवंटन से प्राधिकरण को करीब 125 करोड़ रुपये की आय हुई थी। अब आवासीय भूखंडों के आवंटन से प्राप्त लगभग 86 करोड़ रुपये को मिलाकर दोनों प्रक्रियाओं से करीब 211 करोड़ रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ है।

प्राधिकरण के अनुसार इस राजस्व का उपयोग बरेली के सुनियोजित विकास और आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने में किया जाएगा। बीडीए का लक्ष्य शहर को सुरक्षित, सुविधायुक्त और आधुनिक आवासीय शहर के रूप में विकसित करना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!