अब घर बैठे 15 मिनट में कर सकेंगे परिवार की स्व-गणना, बरेली में डीएम ने बनाया 14 दिवसीय मेगा एक्शन प्लान

bareillylive@अब घर बैठे 15 मिनट में कर सकेंगे परिवार की स्व-गणना

16 से 30 नवंबर तक चलेगा स्व-गणना अभियान, 1 दिसंबर से घर-घर पहुंचेंगे प्रगणक; SE ID से होगा परिवारों का सत्यापन

बरेली@bareillylive:बरेली। जनगणना अभियान को शत-प्रतिशत सफल बनाने के लिए बरेली जिला प्रशासन ने व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं। जनगणना के द्वितीय चरण में जनसंख्या गणना से पहले 16 से 30 नवंबर 2026 तक स्व-गणना (सेल्फ एन्यूमरेशन) अभियान चलाया जाएगा। इसके तहत लोग घर बैठे महज 15 से 20 मिनट में ऑनलाइन अपने परिवार की जानकारी दर्ज कर सकेंगे। अभियान को जन-जन तक पहुंचाने के लिए जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने 14 दिवसीय मेगा एक्शन प्लान तैयार किया है।

गुरुवार को विकास भवन सभागार में जिलाधिकारी अविनाश सिंह की अध्यक्षता में आयोजित उच्चस्तरीय बैठक में अभियान की विस्तृत कार्ययोजना तय की गई। डीएम ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनपद का कोई भी परिवार, बस्ती या नागरिक जनगणना प्रक्रिया से छूटने न पाए। उन्होंने अभियान को जनआंदोलन का रूप देने और सभी विभागों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

ऑनलाइन पोर्टल पर दर्ज करें परिवार की जानकारी, SE ID रखना जरूरी

जिलाधिकारी ने बताया कि जनगणना के प्रथम चरण में मकान सूचीकरण का कार्य पूरा हो चुका है। अब दूसरे चरण से पहले नागरिक 16 से 30 नवंबर 2026 तक आधिकारिक पोर्टल https://se.census.gov.in पर जाकर स्वयं अपने परिवार की जानकारी दर्ज कर सकते हैं।

स्व-गणना की प्रक्रिया पूरी होने के बाद संबंधित परिवार को एक विशिष्ट पहचान संख्या (SE ID) प्राप्त होगी। इसे सुरक्षित रखना अनिवार्य होगा। 1 दिसंबर 2026 से 4 जनवरी 2027 के बीच जब जनगणना प्रगणक घर-घर पहुंचेंगे, तब नागरिकों को सत्यापन के लिए यह SE ID दिखानी होगी।

14 दिन, 14 थीम के जरिए हर वर्ग तक पहुंचेगा अभियान

अभियान को प्रभावी बनाने के लिए डीएम ने 16 से 29 नवंबर तक प्रतिदिन अलग-अलग वर्गों और विभागों को जोड़ते हुए विशेष दिवस निर्धारित किए हैं।

  • 16 नवंबर – राजस्व एवं जनप्रतिनिधि दिवस: ग्राम पंचायतों और सरकारी कार्यालयों के प्रमुख स्वयं स्व-गणना कर अपना स्टेटस साझा करेंगे।
  • 17 नवंबर – स्थानीय प्रशासन एवं ग्रामीण विकास दिवस: नगर पालिका, पंचायत अध्यक्ष, पार्षद, ग्राम प्रधान और कृषि संगठनों के माध्यम से प्रचार होगा।
  • 18 नवंबर – युवा, खेल एवं मीडिया दिवस: स्टेडियम, एनएसएस, सोशल मीडिया और व्लॉग के माध्यम से युवाओं को जोड़ा जाएगा।
  • 19 नवंबर – विशिष्ट व्यक्ति दिवस: पद्म पुरस्कार विजेताओं और अपार्टमेंट व गेटेड सोसायटी के व्हाट्सएप समूहों के जरिए जागरूकता फैलाई जाएगी।
  • 20 नवंबर – न्यायिक दिवस: न्यायपालिका और बार एसोसिएशन की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी।
  • 21 नवंबर – वर्दीधारी बल दिवस: पुलिस, पीएसी और अन्य सुरक्षा बलों के कर्मचारियों को स्व-गणना के लिए प्रेरित किया जाएगा।
  • 22 नवंबर – केंद्रीय कार्यालय एवं वित्त दिवस: बैंक, रेलवे, डाक, आयकर और जीएसटी विभागों के कर्मचारियों को अभियान से जोड़ा जाएगा।
  • 23 नवंबर – शिक्षा दिवस: स्कूल, कॉलेज, विश्वविद्यालय, आईटीआई और कोचिंग संस्थानों में प्रशिक्षण व जागरूकता रैलियां आयोजित होंगी।
  • 24 नवंबर – स्वास्थ्य दिवस: आईएमए, नर्सिंग होम, आशा कार्यकर्ताओं और स्वास्थ्यकर्मियों के माध्यम से आमजन को जागरूक किया जाएगा।
  • 25 नवंबर – उद्योग एवं परिवहन दिवस: मंडियों, बाजारों, होटलों, सिनेमा हॉल और रोडवेज बसों के जरिए प्रचार किया जाएगा।
  • 26 नवंबर – महिला एवं स्वयं सहायता समूह दिवस: आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और महिला स्वयं सहायता समूहों की मदद से महिलाओं को अभियान से जोड़ा जाएगा।
  • 27 नवंबर – डिजिटल सहायता एवं दिव्यांगजन दिवस: सीएससी, पंचायत भवन और वार्ड कार्यालयों में हेल्प डेस्क स्थापित किए जाएंगे।
  • 28 नवंबर – वर्क फ्रॉम होम दिवस: घर से काम करने वाले पेशेवरों को डिजिटल माध्यमों से स्व-गणना के लिए प्रेरित किया जाएगा।
  • 29 नवंबर – प्राइड दिवस: LGBTQ समुदाय और उनके परिवारों के बीच विशेष जागरूकता अभियान चलाया जाएगा।

सरकारी कार्यालयों से लेकर कूड़ा गाड़ियों तक होगा प्रचार

डीएम ने निर्देश दिए कि सभी सरकारी कार्यालयों, अस्पतालों, स्कूलों, बैंकों, बस स्टैंड और रेलवे स्टेशनों पर जनगणना जागरूकता से संबंधित फ्लेक्स और सेल्फी पॉइंट बनाए जाएं। नगर निकायों और ग्राम पंचायतों में मुनादी कराई जाए तथा कूड़ा संग्रहण वाहनों पर भी प्रचार सामग्री लगाई जाए।

स्कूलों में प्रार्थना सभा के दौरान विद्यार्थियों को स्व-गणना की जानकारी दी जाएगी। इसके साथ ही सप्ताह में दो दिन जागरूकता रैली निकालने के निर्देश भी दिए गए हैं।

सोशल मीडिया पर गतिविधियों की टैगिंग अनिवार्य

अभियान के प्रचार-प्रसार के लिए सोशल मीडिया का भी व्यापक उपयोग किया जाएगा। सभी विभागों को अपनी गतिविधियों की तस्वीरें और जानकारी एक्स (ट्विटर), फेसबुक और इंस्टाग्राम पर अपलोड करने के निर्देश दिए गए हैं। पोस्ट में @censusindia2027, @dco_up, @cmoffice_up और @dmbareilly जैसे आधिकारिक हैंडल को टैग करना अनिवार्य होगा।

डीएम ने मीडिया प्रतिनिधियों और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स से भी अपील की कि वे जनगणना से जुड़ी प्रमाणित जानकारी ही साझा करें। उन्होंने भ्रामक सूचनाएं और अफवाहें फैलाने वालों पर तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

जनगणना संबंधी सहायता के लिए हेल्पलाइन जारी

स्व-गणना और जनगणना से संबंधित किसी भी जानकारी या सहायता के लिए नागरिक हेल्पलाइन नंबर 0581-2422202, 0581-2428188 अथवा टोल-फ्री नंबर 1855 पर संपर्क कर सकते हैं।

बैठक में नगर आयुक्त संजीव कुमार मौर्य, एडीएम (वित्त एवं राजस्व) संतोष कुमार सिंह सहित सभी एसडीएम, बीडीओ और जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

जिला प्रशासन का लक्ष्य है कि स्व-गणना अभियान के माध्यम से अधिक से अधिक परिवार स्वयं अपनी जानकारी दर्ज करें, जिससे आगामी जनगणना प्रक्रिया को सुगम और प्रभावी बनाया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!