उत्तराखंड की लोक संस्कृति से सराबोर होगा बरेली, पर्वतीय समाज मनाएगा 26वां स्थापना दिवस

bareillylive@उत्तराखंड की लोक संस्कृति से सराबोर होगा बरेली पर्वतीय समाज मनाएगा 26वां स्थापना दिवस

लोकगीत, लोकनृत्य और रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के बीच प्रतिभाओं एवं विशिष्ट व्यक्तित्वों का होगा सम्मान, बॉलीवुड अभिनेत्री नीतू पाण्डे भी करेंगी शिरकत

बरेली@bareillylive:बरेली। पर्वतीय समाज बरेली की ओर से 26वें उत्तराखंड स्थापना दिवस का भव्य आयोजन रविवार, 15 नवंबर को नेहरू युवा केंद्र में किया जाएगा। दोपहर 2 बजे से रात्रि 9 बजे तक आयोजित होने वाले इस समारोह में उत्तराखंड की समृद्ध लोक संस्कृति, पारंपरिक गीत-संगीत और लोकनृत्य की मनमोहक छटा देखने को मिलेगी। कार्यक्रम में प्रवेश पूरी तरह निःशुल्क रहेगा।

पर्वतीय समाज बरेली के अध्यक्ष देवेन्द्र देवलिया ने बताया कि आयोजन का उद्देश्य उत्तराखंड की सांस्कृतिक विरासत, परंपराओं और लोककलाओं को संरक्षित करने के साथ नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ना है।

लोकगीत और लोकनृत्य से सजेगी सांस्कृतिक संध्या

अध्यक्ष देवेन्द्र देवलिया ने बताया कि मां नैना सांस्कृतिक एवं जनकल्याण समिति, खटीमा की टीम लोकगायक पुष्कर महर के दिशा-निर्देशन में उत्तराखंड के पारंपरिक लोकगीतों और लोकनृत्यों की प्रस्तुतियां देगी। प्रसिद्ध लोकगायिका बबीता देवी भी अपनी शानदार प्रस्तुति से समारोह में चार चांद लगाएंगी।

सांस्कृतिक लोकगायक प्रभारी पूरन दानू ने बताया कि कार्यक्रम में उत्तराखंड के पारंपरिक लोकगीतों और नृत्यों के माध्यम से पर्वतीय संस्कृति की सुंदरता, विविधता और गौरवशाली परंपराओं को प्रदर्शित किया जाएगा।

उत्तराखंड सेनानियों और प्रतिभाओं का होगा सम्मान

महासचिव डॉ. नरेंद्र सिंह बिष्ट ने बताया कि समारोह में उत्तराखंड सेनानी गोपाल दत्त अमोला, भूपाल सिंह बजेठा और भुवन चंद्र हरबोला को सम्मानित किया जाएगा। युवा वैज्ञानिक रक्षित भट्ट को उत्तराखंड गौरव सम्मान प्रदान किया जाएगा।

वहीं, वरिष्ठ सलाहकार कुंवर सिंह बिष्ट ने बताया कि आकाशवाणी बरेली के कार्यक्रम प्रमुख मिथिलेश श्रीवास्तव, समाजसेवी नंदा राणा तथा फिल्म निर्देशक, अभिनेता एवं आरजे देवेन्द्र रावत को भी विशेष रूप से सम्मानित किया जाएगा।

बॉलीवुड अभिनेत्री नीतू पाण्डे रहेंगी आकर्षण का केंद्र

मीडिया प्रभारी देवेन्द्र रावत ने बताया कि समारोह में बॉलीवुड फिल्म अभिनेत्री नीतू पाण्डे मुंबई से विशेष रूप से शामिल होने आ रही हैं। इस अवसर पर उनका विशेष सम्मान भी किया जाएगा।

नीतू पाण्डे ‘सत्यमेव जयते’, ‘मैं मेरी पत्नी और वो’, ‘बाबर’, ‘अंदाज 2’, ‘श्रीमद रामायण’, ‘सावधान इंडिया’, ‘क्राइम पेट्रोल’, ‘इमली’, ‘मरूधर एक्सप्रेस’, ‘भोंसले’, ‘हैप्पी भाग जाएगी’, ‘अजीब दास्तान’, ‘शोरगुल’, ‘लोहारदग’ और ‘तू धड़कन मैं दिल’ जैसी फिल्मों एवं धारावाहिकों में अभिनय कर चुकी हैं।

संस्कृति के संरक्षण के साथ एकजुटता का संदेश

पर्वतीय समाज के उपाध्यक्ष एवं कैंट के पूर्व सभासद मदन सिंह बिष्ट ने कहा कि इस तरह के सांस्कृतिक आयोजन समाज को एकजुट करने के साथ नई पीढ़ी को अपनी जड़ों, संस्कृति और परंपराओं से परिचित कराने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की सांस्कृतिक विरासत को सहेजना और उसे आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।

पर्वतीय समाज बरेली ने समाजबंधुओं, सांस्कृतिक कार्यक्रमों के प्रेमियों और शहरवासियों से समारोह में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचने की अपील की है। समारोह में जहां उत्तराखंड की लोक संस्कृति के रंग बिखरेंगे, वहीं समाज और विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली प्रतिभाओं का सम्मान भी किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!