मानव सेवा क्लब ने आर्य समाज अनाथालय में आयोजित की प्रतियोगिता, 35 बच्चों ने दिखाई रचनात्मक प्रतिभा
बरेली@bareillylive:बरेली। चाचा नेहरू की जयंती एवं बाल दिवस के अवसर पर मानव सेवा क्लब के तत्वावधान में शनिवार को सिविल लाइंस स्थित आर्य समाज अनाथालय में गुरुकुल के बच्चों के लिए चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता में 35 बच्चों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। बच्चों ने अपनी कल्पनाशीलता और रचनात्मकता को रंगों के माध्यम से कागज पर उकेरते हुए अपनी कला प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता में भूपेंद्र ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि सक्षम द्वितीय और सोमदेव तृतीय स्थान पर रहे। विजेता बच्चों को क्लब अध्यक्ष सुरेंद्र बीनू सिन्हा, इंद्र देव त्रिवेदी, मधु वर्मा, अरुणा सिन्हा और प्रकाश चंद्र सक्सेना ने हार, स्मृति चिह्न एवं उपहार देकर सम्मानित किया। प्रतियोगिता में शामिल अन्य बच्चों को भी प्रोत्साहन स्वरूप उपहार प्रदान किए गए।
कार्यक्रम में बच्चों ने देशभक्ति के गीत प्रस्तुत कर माहौल को उत्साह और उल्लास से भर दिया। उनकी प्रस्तुतियों पर उपस्थित लोगों ने तालियां बजाकर उत्साहवर्धन किया। आयोजकों ने बच्चों को उनकी पसंद की चीजें खिलाकर बाल दिवस की खुशियां भी साझा कीं।
इस अवसर पर क्लब के पदाधिकारियों ने कहा कि बच्चों की प्रतिभा को पहचानने और उसे निखारने के लिए ऐसे रचनात्मक आयोजन बेहद महत्वपूर्ण हैं। चित्रकला जैसी प्रतियोगिताएं बच्चों में कल्पनाशीलता, सृजनात्मकता और आत्मविश्वास बढ़ाने के साथ ही उन्हें अपनी भावनाएं व्यक्त करने का अवसर देती हैं।
कार्यक्रम के अंत में इंजीनियर ए.एल. गुप्ता ने सभी आयोजकों, अतिथियों और प्रतिभागी बच्चों का आभार व्यक्त किया। इस मौके पर बिपिन गर्ग, अजय कुमार, ए.एस. अग्रवाल, मंजू सक्सेना और निर्भय सक्सेना सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
मानव सेवा क्लब ने भविष्य में भी बच्चों के सर्वांगीण विकास और उनकी प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के लिए ऐसे कार्यक्रम आयोजित करते रहने का संकल्प व्यक्त किया।






Leave a Reply