लखनऊ। उत्तर प्रदेश में वर्ष 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले मतदाता सूची को अपडेट करने की प्रक्रिया तेज हो गई है। निर्वाचन आयोग ने मंगलवार, 17 नवंबर को विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (SSR) के तहत प्रदेश की ड्राफ्ट मतदाता सूची जारी कर दी। नई सूची के अनुसार, प्रदेश में मतदाताओं की संख्या करीब 19 लाख बढ़कर 13.58 करोड़ हो गई है। इससे पहले प्रदेश में कुल 13.39 करोड़ मतदाता दर्ज थे।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर ड्राफ्ट मतदाता सूची के आंकड़े जारी किए। इसके मुताबिक, प्रदेश में कुल 13,58,68,905 मतदाता दर्ज हैं। इनमें 7,38,58,510 पुरुष और 6,20,06,353 महिला मतदाता शामिल हैं। वहीं, 18 से 19 वर्ष आयु वर्ग के 11,83,352 युवा मतदाताओं के नाम भी सूची में दर्ज किए गए हैं।
भाजपा चलाएगी ‘मतदाता जोड़ो अभियान-2026’ ड्राफ्ट मतदाता सूची जारी होने के साथ ही भारतीय जनता पार्टी ने भी आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए मतदाता जोड़ने की मुहिम शुरू कर दी है। पार्टी प्रदेशभर में 17 नवंबर से 16 दिसंबर तक एक महीने का ‘मतदाता जोड़ो अभियान-2026’ चलाएगी।
इस अभियान के तहत ड्राफ्ट सूची में छूटे मतदाताओं के नाम जुड़वाने पर विशेष जोर दिया जाएगा। भाजपा ने प्रदेश के 1,73,730 बूथों में से प्रत्येक बूथ पर 50 नए मतदाता जोड़ने का लक्ष्य निर्धारित किया है। इस तरह पार्टी की योजना करीब 86 लाख 86 हजार 500 नए मतदाताओं के नाम सूची में शामिल कराने की है। पार्टी के मुताबिक, प्रदेश में करीब 1.27 करोड़ मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में शामिल कराने की जरूरत है।
16 दिसंबर तक दर्ज करा सकेंगे दावे और आपत्तियां
ड्राफ्ट मतदाता सूची जारी होने के बाद अब मतदाताओं को अपने और परिवार के सदस्यों के नाम तथा अन्य विवरण जांचने का अवसर मिलेगा। यदि किसी मतदाता का नाम सूची से छूट गया है या नाम, उम्र, पता अथवा अन्य विवरण में कोई गलती है, तो निर्धारित अवधि में दावा या आपत्ति दर्ज कराई जा सकती है।
निर्वाचन आयोग के कार्यक्रम के अनुसार, दावे और आपत्तियां दर्ज कराने की प्रक्रिया 17 नवंबर से 16 दिसंबर 2026 तक चलेगी। नए मतदाताओं के नाम जोड़ने, गलत प्रविष्टियों पर आपत्ति दर्ज कराने और मौजूदा विवरण में संशोधन के लिए आयोग के निर्धारित फॉर्म उपलब्ध हैं।
4 जनवरी 2027 को जारी होगी अंतिम मतदाता सूची
निर्वाचन आयोग ने विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण के लिए पूरा कार्यक्रम निर्धारित कर दिया है। दावे और आपत्तियां प्राप्त होने के बाद उनका निस्तारण किया जाएगा। इसके बाद 4 जनवरी 2027 को प्रदेश की अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी।
मतदाता सूची पुनरीक्षण का पूरा कार्यक्रम
प्रक्रिया
निर्धारित तारीख
ड्राफ्ट वोटर लिस्ट जारी
17 नवंबर 2026
दावे और आपत्तियां
17 नवंबर से 16 दिसंबर 2026
दावे-आपत्तियों का निस्तारण
28 दिसंबर 2026 तक
फाइनल वोटर लिस्ट
4 जनवरी 2027
मतदाता सूची में नाम और विवरण की होगी गहन जांच
उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव 2027 से पहले मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाने के लिए निर्वाचन आयोग ने विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 के तहत एक और महत्वपूर्ण कदम उठाया है। आयोग ने प्रदेश के सभी मतदान केंद्रों पर 17 से 20 नवंबर तक टेबल टॉप एक्सरसाइज कराने के निर्देश दिए हैं।
इस प्रक्रिया के दौरान बूथ लेवल अधिकारी (BLO) और बीएलओ सुपरवाइजर मतदाता सूची की गहनता से जांच करेंगे। इसका उद्देश्य मतदाता सूची में दर्ज गलतियों, विसंगतियों और दोहरी प्रविष्टियों की पहचान कर उन्हें नियमानुसार ठीक कराना है।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने इस संबंध में प्रदेश के सभी जिला निर्वाचन अधिकारियों को निर्देश जारी किए हैं। जांच दो स्तरों पर होगी। पहले स्तर पर प्रत्येक बीएलओ अपने आवंटित बूथ की पूरी मतदाता सूची का सत्यापन करेगा। दूसरे स्तर पर बीएलओ सुपरवाइजर अपने अधीन आने वाले सभी बूथों की सूचियों की समग्र जांच करेंगे।
नाम, उम्र और जेंडर से जुड़ी गलतियां होंगी चिह्नित
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, 17 नवंबर को प्रत्येक बीएलओ को संबंधित बूथ की आलेख्य मतदाता सूची उपलब्ध कराई जाएगी। इसके बाद मतदाताओं के नाम, पिता या पति के नाम, संबंधियों के विवरण और उम्र से जुड़ी त्रुटियों की जांच की जाएगी।
असामान्य रूप से अधिक उम्र दर्ज होने वाले मतदाताओं को भी चिह्नित किया जाएगा। इसके अलावा मतदाता के नाम और फोटो के आधार पर जेंडर की सही प्रविष्टि का मिलान होगा। मतदाता के संबंधी के जेंडर से जुड़े विवरण का भी सत्यापन किया जाएगा।
निर्वाचन आयोग ने स्थानीय और क्षेत्रीय भाषा की जांच करने के निर्देश भी दिए हैं, ताकि मतदाता सूची में अनावश्यक रूप से दूसरे राज्यों की भाषा का इस्तेमाल न हो।
डुप्लीकेट वोटर और धुंधली तस्वीरों पर भी नजर
टेबल टॉप एक्सरसाइज के दौरान एक ही मतदाता के नाम से दर्ज एक से अधिक प्रविष्टियों और समान विवरण वाली डुप्लीकेट एंट्री की पहचान की जाएगी। इसके साथ ही अस्पष्ट, धुंधली और खराब गुणवत्ता वाली तस्वीरों को भी चिह्नित किया जाएगा।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि जांच के दौरान सामने आने वाली सभी त्रुटियों और विसंगतियों का व्यवस्थित रिकॉर्ड सुरक्षित रखा जाए। इससे दावे और आपत्तियां दर्ज कराने की निर्धारित अवधि के दौरान नियमानुसार जरूरी संशोधन किए जा सकेंगे।
ERO-AERO करेंगे रोजाना निगरानी
पूरी प्रक्रिया की निगरानी निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (ERO) और सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (AERO) करेंगे। इन अधिकारियों को प्रतिदिन समीक्षा करने और 17 से 20 नवंबर के बीच प्रदेश के सभी मतदान केंद्रों पर जांच पूरी कराने की जिम्मेदारी दी गई है।
मतदाताओं के लिए जरूरी सलाह: ड्राफ्ट वोटर लिस्ट में अपना और परिवार के सभी सदस्यों का नाम जरूर जांच लें। यदि नाम छूटा है या किसी विवरण में गलती है, तो 16 दिसंबर 2026 तक निर्धारित प्रक्रिया के तहत दावा या आपत्ति दर्ज कराएं।





Leave a Reply