@bareillylive: नेताजी मुलायम सिंह यादव की स्मृति में आयोजित होने वाली पीडीए जनचेतना पदयात्रा को सफल बनाने के लिए समाजवादी पार्टी महानगर ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं।
महानगर कार्यालय पर महानगर अध्यक्ष शमीम खाँ सुल्तानी की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में 23 नवंबर से 6 दिसंबर तक शहर एवं कैंट विधानसभा क्षेत्रों में निकलने वाली पदयात्रा की रूपरेखा, जनसंपर्क अभियान और कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारियों पर विस्तार से चर्चा की गई। यह पदयात्रा जिले के व्यापक अभियान का हिस्सा है, जो 22 नवंबर से 22 दिसंबर तक बरेली की सभी नौ विधानसभाओं में चलेगी।
बैठक को संबोधित करते हुए महानगर अध्यक्ष शमीम खाँ सुल्तानी ने कहा कि यह पदयात्रा केवल एक राजनीतिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि पीडीए समाज के अधिकारों, सम्मान और सामाजिक न्याय की आवाज को जन-जन तक पहुंचाने का अभियान है। उन्होंने सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से पूरी निष्ठा, अनुशासन और एकजुटता के साथ यात्रा को सफल बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि जनता के बीच जाकर समाजवादी पार्टी की नीतियों और उपलब्धियों को प्रभावी ढंग से पहुंचाया जाएगा।
सुल्तानी ने आरोप लगाया कि भाजपा झूठे प्रचार और खोखले दावों के जरिए जनता को गुमराह कर रही है। उन्होंने कहा कि पदयात्रा के माध्यम से इस प्रचार का तथ्यों के आधार पर जवाब दिया जाएगा और लोगों को जागरूक किया जाएगा। उन्होंने बेरोजगारी और महंगाई को जनता के सामने मौजूद बड़े मुद्दे बताया।
प्रदेश सचिव मोहम्मद कलीमुद्दीन ने कहा कि भाजपा सरकार की नीतियों से समाज के हर वर्ग को परेशानी है। पदयात्रा के जरिए जनता को जागरूक कर पीडीए की एकजुटता को मजबूत किया जाएगा। संजीव सक्सेना ने बताया कि कार्यकर्ताओं में यात्रा को लेकर विशेष उत्साह है और शहर तथा कैंट विधानसभा क्षेत्र के हर मोहल्ले में व्यापक जनसंपर्क किया जाएगा। डॉ. अनीस बेग ने कहा कि यह पदयात्रा पीडीए की आवाज को बुलंद करने और सामाजिक न्याय की लड़ाई को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
बैठक का संचालन करते हुए महानगर महासचिव पंडित दीपक शर्मा ने कहा कि महानगर संगठन पदयात्रा को सफल बनाने के लिए पूरी तरह तैयार है। जोन, सेक्टर और बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं के सहयोग से यात्रा को व्यापक जनसमर्थन दिलाया जाएगा। उन्होंने कहा कि जनता के बीच जाकर तथ्यों के साथ भाजपा के दावों का जवाब दिया जाएगा और समाजवादी पार्टी की विचारधारा को मजबूती से आगे बढ़ाया जाएगा।
बैठक में पदयात्रा के प्रचार-प्रसार, जनसंपर्क, सहभागिता और कार्यकर्ताओं की तैयारी को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। सभी पदाधिकारियों ने एकजुट होकर यात्रा को सफल बनाने का संकल्प लिया। इस अवसर पर जिला उपाध्यक्ष प्रमोद बिष्ट, महानगर उपाध्यक्ष शेर सिंह गंगवार, खालिद खाँ, गौरव सक्सेना, राम प्रकाश यादव, समयुन खान, गोविन्द सैनी, राजेश मौर्या, नूतन शर्मा, शिवेंद्र नाथ चौबे, सुरेन्द्र सोनकर, रणवीर जाटव, शहर विधानसभा अध्यक्ष हसीब खान और कैंट विधानसभा अध्यक्ष हरिओम प्रजापति सहित अनेक पदाधिकारी मौजूद रहे।
वहीं, महिला सभा की महानगर महासचिव एडवोकेट मनीषा सक्सेना के प्रयास से इज्जतनगर निवासी समाजसेवी शीलू त्रिपाठी को समाजवादी पार्टी में शामिल कराया गया। महानगर अध्यक्ष शमीम खाँ सुल्तानी ने उन्हें पार्टी की सदस्यता दिलाई। इस मौके पर अनुज गंगवार, सिम्पल कन्नौजिया, महानगर कोषाध्यक्ष मोहित सक्सेना, पार्षद मोहम्मद आरिफ कुरैशी, पार्षद अब्दुल कय्यूम खाँ मुन्ना, सलीम पटवारी, अलीम सुल्तानी, रईस मियाँ अब्बासी, इकबाल बिल्डर, पार्षद मोहम्मद शाकिर, सचिव हैप्पी यादव, अनुज वाल्मीकि, बाबा मियाँ, दीपक वाल्मीकि, ऋषि यादव, रेहान अंसारी, डॉ. चांद, इसराफिल खान, इश्तियाक सकलेनी, अकरम खान, युवजन सभा महानगर अध्यक्ष दीपक यादव, लोहिया वाहिनी अध्यक्ष मोहम्मद आसिफ खान, महिला सभा की महानगर महासचिव मनीषा सक्सेना, मजदूर सभा महानगर अध्यक्ष अशफाक चौधरी, सैनिक प्रकोष्ठ महानगर अध्यक्ष रिहान रजा खान, महेंद्र सिंह और संजय वर्मा आदि प्रमुख पदाधिकारी उपस्थित रहे।
बताया गया कि पदयात्रा का उद्देश्य पीडीए—पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक—वर्गों को एकजुट करना, उनके अधिकारों की बात जनता तक पहुंचाना और सामाजिक न्याय के मुद्दों पर जनचेतना बढ़ाना है।





Leave a Reply