चौबारी मेले में ‘गंगा रक्षा शिरोमणि’ सम्मान समारोह, मां गंगा बचाओ वेलफेयर सोसाइटी ने प्रशासनिक अधिकारियों और समाजसेवियों को किया सम्मानित

bareillylive:चौबारी मेले में गंगा रक्षा शिरोमणि सम्मान समारोह मां गंगा बचाओ वेलफेयर सोसाइटी

रामगंगा तट पर आयोजित समारोह में पटका पहनाकर और मां गंगा का स्मृति चिह्न देकर किया सम्मान; डॉ. रजनीश सक्सेना ने दिया गंगा संरक्षण और स्वच्छता का संदेश

बरेली@bareillylive:बरेली। रामगंगा तट पर आयोजित चौबारी मेले में मां गंगा बचाओ वेलफेयर सोसाइटी की ओर से ‘गंगा रक्षा शिरोमणि सम्मान’ समारोह आयोजित किया गया। प्रशासनिक मंच पर हुए इस कार्यक्रम में जिला प्रशासन के अधिकारियों, मेला प्रबंध समिति के सदस्यों, समाजसेवियों और रंगकर्मियों को उनके सामाजिक योगदान एवं जनसेवा के लिए सम्मानित किया गया। संस्था के संस्थापक एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. रजनीश सक्सेना के नेतृत्व में आयोजित समारोह में सम्मानित व्यक्तियों को पटका पहनाकर तथा मां गंगा का स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मान प्रदान किया गया।

गंगा संरक्षण हर नागरिक की जिम्मेदारी : डॉ. रजनीश सक्सेना

समारोह को संबोधित करते हुए डॉ. रजनीश सक्सेना ने कहा कि मां गंगा केवल आस्था और श्रद्धा का प्रतीक नहीं हैं, बल्कि करोड़ों लोगों के जीवन का आधार भी हैं। नदियों की स्वच्छता, अविरलता और संरक्षण सुनिश्चित करना प्रत्येक नागरिक का नैतिक एवं सामाजिक दायित्व है। उन्होंने कहा कि गंगा और उसकी सहायक नदियों के संरक्षण के लिए जनभागीदारी बेहद जरूरी है।

उन्होंने सम्मानित अतिथियों को बधाई देते हुए कहा कि समाज, प्रशासन और सांस्कृतिक क्षेत्र में सक्रिय लोगों का योगदान सामाजिक जागरूकता को मजबूती प्रदान करता है।

समाजसेवियों और रंगकर्मियों की रही सहभागिता

कार्यक्रम में संस्था के संरक्षक मोहम्मद नवी, सीएल शर्मा और वीपी खंडेलवाल, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष संतोष उपाध्याय, कनिष्क शर्मा, जिला वरिष्ठ उपाध्यक्ष संजीव सक्सेना, अखिलेश शर्मा, ऋषि रंजन सिंह, महानगर युवा रंगकर्म शाखा अध्यक्ष रवि सक्सेना तथा हरजीत कौर सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

रामगंगा की स्वच्छता के लिए जनभागीदारी की अपील

समारोह में वक्ताओं ने रामगंगा को स्वच्छ और प्रदूषण मुक्त रखने पर जोर दिया। उन्होंने श्रद्धालुओं से अपील की कि नदी में प्लास्टिक, कूड़ा-कचरा और अन्य अपशिष्ट सामग्री न डालें। साथ ही घाटों की स्वच्छता बनाए रखने और पर्यावरण संरक्षण में सहयोग करें।

वक्ताओं ने कहा कि चौबारी मेला धार्मिक आस्था के साथ-साथ सामाजिक और सांस्कृतिक एकता का भी महत्वपूर्ण आयोजन है। ऐसे में मेले में आने वाले प्रत्येक श्रद्धालु की जिम्मेदारी है कि वह स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के प्रति सजग रहे।

रवि सक्सेना ने किया संचालन, सीएल शर्मा ने जताया आभार

कार्यक्रम का संचालन महानगर युवा रंगकर्म शाखा के अध्यक्ष रवि सक्सेना ने किया। उन्होंने समारोह में पहुंचे अधिकारियों, मेला प्रबंध समिति के सदस्यों, समाजसेवियों और रंगकर्मियों का आभार व्यक्त किया। अंत में संस्था के संरक्षक सीएल शर्मा ने सभी अतिथियों एवं सहयोगियों का धन्यवाद किया।

समारोह का समापन मां गंगा के जयकारों के साथ हुआ। उपस्थित लोगों ने चौबारी मेले की सफलता, श्रद्धालुओं की सुरक्षा और रामगंगा के स्वच्छ एवं अविरल प्रवाह की कामना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!