मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान को कैंट विधायक संजीव अग्रवाल ने दी गति, सात मतदान केंद्रों का किया निरीक्षण

bareillylive@मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान को कैंट विधायक संजीव अग्रवाल

बीएलओ से नए मतदाताओं के पंजीकरण की ली जानकारी, एक जनवरी 2027 को 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले युवाओं के नाम जोड़ने पर दिया जोर

बरेली@bareillylive:बरेली। मतदाता सूची को त्रुटिरहित और अधिक समावेशी बनाने के उद्देश्य से निर्वाचन आयोग द्वारा चलाए जा रहे दो दिवसीय विशेष मतदाता पुनरीक्षण अभियान-2027 के तहत शनिवार को कैंट विधानसभा विधायक एवं भाजपा के सह कोषाध्यक्ष संजीव अग्रवाल ने सक्रियता दिखाई। उन्होंने 125-कैंट विधानसभा क्षेत्र के मढ़ीनाथ मंडल के विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर अभियान की प्रगति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) से नए मतदाताओं के पंजीकरण की स्थिति की जानकारी ली और पात्र नागरिकों के नाम मतदाता सूची में शामिल करने के निर्देश दिए।

विधायक संजीव अग्रवाल ने नलकूप विभाग कार्यालय, स्वदेशी भूषण कन्या इंटर कॉलेज, सत्यदेव हायर सेकेंडरी स्कूल, कैंडिड पब्लिक स्कूल, सरस्वती शिशु मंदिर नेकपुर, आर्य पुत्री इंटर कॉलेज और गुरु नानक खालसा इंटर कॉलेज स्थित मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने बीएलओ से बातचीत कर मतदाता पुनरीक्षण कार्य में आ रही समस्याओं और अब तक हुई प्रगति की जानकारी प्राप्त की।

इस अवसर पर संजीव अग्रवाल ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए प्रत्येक पात्र नागरिक का मतदाता सूची में पंजीकरण होना जरूरी है। कोई भी योग्य नागरिक अपने मताधिकार से वंचित नहीं रहना चाहिए। उन्होंने बीएलओ को निर्देश दिए कि अभियान के दौरान पूरी गंभीरता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करते हुए पात्र लोगों के नाम मतदाता सूची में शामिल कराए जाएं।

उन्होंने विशेष रूप से एसआईआर प्रक्रिया के दौरान छूट गए मतदाताओं, दूसरे स्थानों से स्थानांतरित होकर आए नागरिकों और आगामी एक जनवरी 2027 को 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले युवाओं के पंजीकरण पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि युवाओं को लोकतांत्रिक प्रक्रिया से जोड़ना और उन्हें मतदान के अधिकार के प्रति जागरूक करना भी सभी की जिम्मेदारी है।

विधायक ने मतदान केंद्रों पर उपलब्ध व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया। साथ ही संबंधित अधिकारियों और पार्टी कार्यकर्ताओं से अभियान में सक्रिय भूमिका निभाने तथा अधिक से अधिक पात्र नागरिकों को मतदाता सूची से जोड़ने का आह्वान किया।

निरीक्षण के दौरान प्रभु दयाल लोधी, अमरीश कठेरिया, सुधीर भटनागर डब्बल, चित्रा मिश्रा, श्याम सिंह चौहान, सौरभ सिंह, सागर मौर्य, सुंदरम सक्सेना, केपी सिंह, डॉ. त्रिलोकी सिंह, सोनू कालरा और राम निवास आर्य सहित अनेक लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!