रोटरी क्लब ऑफ बरेली साउथ, इनाली फाउंडेशन और रोटरी क्लब ऑफ पुणे डाउनटाउन की पहल; दो दिवसीय शिविर में बरेली और आसपास के 85 दिव्यांगजनों को मिला लाभ
बरेली@bareillylive:बरेली। दिव्यांगजनों को आत्मनिर्भर बनाने और उनके जीवन को आसान बनाने की दिशा में रोटरी क्लब ऑफ बरेली साउथ ने सराहनीय पहल की है। क्लब की ओर से इनाली फाउंडेशन और रोटरी क्लब ऑफ पुणे डाउनटाउन के सहयोग से आयोजित दो दिवसीय विशेष शिविर में 30 दिव्यांगजनों को बैटरी चालित कृत्रिम हाथ प्रदान किए गए। इस पहल से लाभार्थियों के जीवन में नई उम्मीद जगी है। अब वे दैनिक जीवन के अनेक कार्य पहले से अधिक आसानी से कर सकेंगे।
इस विशेष सेवा प्रकल्प के लिए पुणे से प्रदीप मुनोत, हसन मियां और शिवा की टीम बरेली पहुंची। टीम ने दिव्यांगजनों को कृत्रिम हाथ उपलब्ध कराने के साथ ही उन्हें लगाने, संचालित करने और उपयोग करने का प्रशिक्षण भी दिया। बैटरी से संचालित होने वाले इन कृत्रिम हाथों की मदद से लाभार्थियों को रोजमर्रा के कार्यों में काफी सहूलियत मिलेगी।
इस अवसर पर रवि प्रकाश अग्रवाल ने कहा कि दो दिवसीय शिविर दिव्यांगजनों के जीवन में नई उम्मीद और खुशियां लेकर आया है। शिविर के माध्यम से बरेली और आसपास के क्षेत्रों के कुल 85 दिव्यांगजनों को बैटरी चालित कृत्रिम हाथ उपलब्ध कराए गए हैं। उन्होंने कहा कि इन हाथों की सहायता से जरूरतमंद लोग दैनिक जीवन के कई कार्य स्वयं कर सकेंगे और आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ेंगे। किसी जरूरतमंद को आत्मसम्मान के साथ जीवन जीने का अवसर देना ही सच्ची मानव सेवा है। उन्होंने इस पुनीत कार्य में इनाली फाउंडेशन और रोटरी क्लब ऑफ पुणे डाउनटाउन के सहयोग की सराहना की।
क्लब अध्यक्ष रोहित जिंदल ने दोनों सहयोगी संस्थाओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि दिव्यांगजनों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने वाला यह प्रयास अत्यंत सराहनीय है। रोटरी क्लब ऑफ बरेली साउथ भविष्य में भी ऐसे सेवा शिविर आयोजित करता रहेगा, जिससे अधिक से अधिक जरूरतमंद लोगों को लाभ मिल सके।
डॉ. रवि मेहरा ने कहा कि रोटरी क्लब का मुख्य उद्देश्य समाज के जरूरतमंद वर्गों की सहायता करना और सेवा कार्यों के माध्यम से उनके जीवन में सकारात्मक बदलाव लाना है।
सेवा कार्य में ये रहे मौजूद
कार्यक्रम में डॉ. आईएस तोमर, रवि प्रकाश अग्रवाल, डॉ. रवि मेहरा, संजय गर्ग, क्लब अध्यक्ष रोहित जिंदल, ध्रुव तिलक, प्रदीप मधवार, अनुपम कपूर, अनिल अग्रवाल, रमेश वार्ष्णेय, मुकेश जैन, राकेश धीरवानी, क्लब सचिव शिशिर पांडे, दिनेश प्रधान, राजीव जैन, चरण कमल सिंह, डॉ. एसके भारद्वाज, डॉ. अनमोल अग्रवाल, मनोज सेठी, वीरेश मित्तल और संदीप मेहरा सहित क्लब के अनेक सदस्य उपस्थित रहे।






Leave a Reply