गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व पर बरेली में सजेगा भव्य कीर्तन दरबार, 22 नवंबर को निकलेगा विशाल नगर कीर्तन

bareillylive@गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व पर बरेली में सजेगा भव्य कीर्तन दरबार

तीन दिवसीय प्रकाश पर्व समारोह की तैयारियां पूरी, 23 और 24 नवंबर को बरेली कॉलेज में गूंजेगी गुरबाणी; पंजाब सहित देशभर से पहुंचेंगे प्रसिद्ध रागी जत्थे और प्रचारक

बरेली@bareillylive:बरेली। सिख धर्म के प्रथम गुरु, जगत गुरु साहिब श्री गुरु नानक देव जी के पावन प्रकाश पर्व पर बरेली में तीन दिवसीय भव्य धार्मिक समारोह आयोजित किया जाएगा। सेंट्रल गुरु पर्व कमेटी, बरेली की ओर से समूह साध संगत के सहयोग से आयोजित इस समारोह में विशाल नगर कीर्तन, गुरबाणी कीर्तन, कथा विचार और विशेष रात्रि दीवान सजेंगे। 22 नवंबर से शुरू होने वाले इस आयोजन की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। प्रकाश पर्व को लेकर सिख समाज में विशेष उत्साह है।

शनिवार को आयोजित प्रेस वार्ता में कमेटी के अध्यक्ष सरदार परमजीत सिंह ओबरॉय और महासचिव सरदार हरप्रीत सिंह खालसा ने कार्यक्रमों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि गुरु नानक देव जी का प्रकाश पर्व हर वर्ष की तरह इस बार भी श्रद्धा, उल्लास और आपसी भाईचारे के साथ मनाया जाएगा। उन्होंने शहरवासियों से परिवार सहित कार्यक्रमों में शामिल होने की अपील की।

22 नवंबर को निकलेगा विशाल नगर कीर्तन

प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में 22 नवंबर को भव्य नगर कीर्तन निकाला जाएगा। नगर कीर्तन गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा, सुभाष नगर से प्रारंभ होकर शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए अयूब खां चौराहा और चौकी चौराहा पहुंचेगा। इसमें गतका पार्टियां, शबदी जत्थे और विभिन्न विद्यालयों के बच्चे शामिल होंगे। नगर कीर्तन के माध्यम से गुरु साहिब के प्रेम, सेवा, समानता और मानवता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाया जाएगा।

23 नवंबर को बरेली कॉलेज में रात्रि कीर्तन दरबार

23 नवंबर को बरेली कॉलेज के हॉकी ग्राउंड में विशाल रात्रि कीर्तन दरबार सजेगा। शाम 7 बजे से रात 11 बजे तक चलने वाले इस विशेष दीवान में प्रसिद्ध कीर्तनीय गुरबाणी का गायन करेंगे। इस दौरान संगत को गुरु साहिब की वाणी से जुड़ने और आध्यात्मिक आनंद प्राप्त करने का अवसर मिलेगा।

24 नवंबर को मुख्य प्रकाश पर्व समागम

24 नवंबर को बरेली कॉलेज के हॉकी ग्राउंड में मुख्य प्रकाश पर्व समागम आयोजित किया जाएगा। श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी के पावन प्रकाश के उपरांत सुबह 8:30 बजे से शाम 4 बजे तक लगातार गुरबाणी कीर्तन और कथा विचार होंगे।

समारोह में पंजाब सहित देश के विभिन्न क्षेत्रों से पंथ प्रसिद्ध रागी जत्थे, कीर्तनीय और प्रचारक पहुंचेंगे। इनमें भाई सुखवंत सिंह जी एवं अनिकेत सिंह जी का कीर्तनी जत्था, भाई सतनिंदर सिंह जी, रागी हरिहर सिंह जी, ज्ञानी कुलविंदर सिंह जी (लुधियाना वाले) और ज्ञानी लखविंदर सिंह जी (कैथल वाले) प्रमुख रूप से शामिल रहेंगे।

इसके अलावा 24 नवंबर की शाम शहर के प्रमुख गुरुद्वारा साहिबानों में भी विशेष दीवान सजाए जाएंगे। इनमें बाहर से आए रागी जत्थे, कीर्तनीय और प्रचारक अपनी हाजिरी भरकर संगत को गुरबाणी से निहाल करेंगे।

एकता, समानता और सरबत दा भला का संदेश

कमेटी अध्यक्ष सरदार परमजीत सिंह ओबरॉय और महासचिव सरदार हरप्रीत सिंह खालसा ने कहा कि तीनों दिन के कार्यक्रमों को सफल बनाने के लिए कमेटी के पदाधिकारी और शहर की समस्त साध संगत पूरी निष्ठा से सेवा में जुटी हुई है।

उन्होंने कहा कि गुरु नानक देव जी ने संपूर्ण मानवता को एकता, समानता, प्रेम, सेवा और सरबत दा भला का संदेश दिया। प्रकाश पर्व समारोह का उद्देश्य गुरु साहिब के इन्हीं आदर्शों को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाना है। उन्होंने बरेली की समस्त जनता से सपरिवार कार्यक्रमों में पहुंचकर गुरु साहिब का आशीर्वाद प्राप्त करने की अपील की।

प्रेस वार्ता में ये रहे मौजूद

प्रेस वार्ता में परमजीत सिंह दुआ, मनमीत सिंह, मालिक सिंह कालरा,डॉ विनोद पगरानी, एमपी सिंह, सरदार दलवीर सिंह, प्रद्युम्न सिंह, अमनदीप सिंह, डॉ. महेंद्र सिंह बासु, देवेंद्र सिंह, अमरजीत सिंह बक्शी, रविंद्र सिंह बग्गा, रणजीत सिंह, दर्शन सिंह, हरनाम सिंह, सतवंत सिंह बड्डा, अमनदीप सिंह सोढ़ी, गुरप्रीत सिंह सेठी, बृजेंद्र सिंह, वरजित सिंह विकल, गुरु दर्शन सिंह, महेंद्र सिंह, गुरु बच्चन सिंह, एडवोकेट रविंदर पाल सिंह कालरा, कमलदीप सिंह और अमरदीप सिंह सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!