6.59 किलोमीटर लंबी मुख्य सुरंग की खुदाई पूरी, हिमालय की कठिन परिस्थितियों में इंजीनियरिंग का शानदार उदाहरण
@बरेली लाइव। उत्तराखंड की महत्वाकांक्षी ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना में 27 नवंबर 2026 को एक बड़ी इंजीनियरिंग उपलब्धि हासिल हुई। रेल विकास निगम लिमिटेड (आरवीएनएल) ने रुद्रप्रयाग जनपद में स्थित टनल-14 की 6.59 किलोमीटर लंबी मुख्य सुरंग का सफल ब्रेकथ्रू पूरा कर लिया। सुरंग के दोनों छोरों से की जा रही खुदाई के आपस में मिलने के साथ ही निर्माण कार्य ने एक महत्वपूर्ण पड़ाव पार कर लिया है।
‘धर्मपथगामिनी’ के नाम से जानी जाने वाली इस परियोजना के लिए इसे बड़ी सफलता माना जा रहा है। आरवीएनएल के अनुसार, सुरंग के पोर्टल-1 यानी सुमेरपुर की ओर से 4.7 किलोमीटर और पोर्टल-2 यानी मरोड़ा की ओर से 1.79 किलोमीटर खुदाई की गई। इस तरह कुल 6.59 किलोमीटर लंबी मुख्य सुरंग का निर्माण कार्य खुदाई के स्तर पर पूरा हो गया।
हिमालय की कठिन चुनौतियों के बीच हुआ निर्माण
टनल-14 का निर्माण हिमालय की जटिल भूगर्भीय परिस्थितियों, अस्थिर पहाड़ियों और आबादी वाले क्षेत्रों के बीच किया गया। निर्माण के दौरान इंजीनियरों को कई तकनीकी चुनौतियों का सामना करना पड़ा।
पोर्टल-1 की ओर आबादी के नीचे लगभग 110 मीटर लंबी ट्रिपल-ट्रैक सुरंग बनाई गई। यहां ढीली मिट्टी और कम ओवरबर्डन जैसी चुनौतियों से निपटने के लिए प्री-एक्सकेवेशन और मल्टी-ड्रिफ्टिंग तकनीक अपनाई गई। वहीं, पोर्टल-2 की ढलान को स्थिर रखने के लिए माइक्रोपाइल, रॉक बोल्ट और कंसोलिडेशन ग्राउटिंग जैसी आधुनिक तकनीकों का इस्तेमाल किया गया।
आसपास की बस्तियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए नियंत्रित ब्लास्टिंग केवल दिन के समय की गई। इससे निर्माण कार्य के साथ स्थानीय आबादी की सुरक्षा को भी प्राथमिकता दी गई।
सुरंग के भीतर श्रमिकों की सुरक्षा के विशेष इंतजाम
निर्माण के दौरान श्रमिकों के स्वास्थ्य और सुरक्षा पर भी विशेष ध्यान दिया गया। सुरंग के भीतर ऑक्सीजन की कमी और बढ़ते तापमान जैसी चुनौतियों से निपटने के लिए विशेष वेंटिलेशन सिस्टम लगाए गए। इनकी मदद से पर्याप्त हवा की आपूर्ति और तापमान नियंत्रण सुनिश्चित किया गया।
आरवीएनएल के मुताबिक, टनल-14 का सफल ब्रेकथ्रू आधुनिक तकनीक, सुरक्षित निर्माण प्रबंधन और इंजीनियरों एवं श्रमिकों के समर्पित प्रयासों का परिणाम है।
125 किलोमीटर लंबी रेल परियोजना से बदलेगी पहाड़ों की कनेक्टिविटी
ऋषिकेश-कर्णप्रयाग नई ब्रॉडगेज रेल लाइन परियोजना लगभग 125 किलोमीटर लंबी है। इसके पूरा होने से उत्तराखंड के पर्वतीय क्षेत्रों में रेल संपर्क मजबूत होगा। स्थानीय लोगों को आवागमन में सुविधा मिलने के साथ ही पर्यटन और चारधाम यात्रा को भी नई गति मिलने की उम्मीद है।
हाल की रिपोर्टों के अनुसार, परियोजना की भौतिक प्रगति लगभग 79 प्रतिशत तक पहुंच चुकी है, जबकि सुरंगों की खुदाई का करीब 97 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है।
टनल-14 के सफल ब्रेकथ्रू से परियोजना के शेष निर्माण कार्यों को गति मिलने की उम्मीद है। दुर्गम हिमालयी क्षेत्र में हासिल की गई यह उपलब्धि उत्तराखंड के बुनियादी ढांचे और रेल कनेक्टिविटी के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।
साभार: निर्भय सक्सेना






Leave a Reply