Bareilly News: एक्शन मोड में बीडीए उपाध्यक्ष, ग्रेटर बरेली योजना का निरीक्षण, ठेकेदारों को चेतावनी

Bareilly News, BDA Bareilly, Saumya Pandey IAS, Greater Bareilly Yojana, Bareilly Development Authority, Greater Bareilly Housing Scheme, बरेली विकास प्राधिकरण,

सेक्टर-1, 7, 8 और 11 में विकास कार्यों का लिया जायजा, सेंट्रल पार्क के निर्माण में देरी पर जताई नाराजगी; बोलीं- गुणवत्ता से समझौता बर्दाश्त नहीं

बरेली@BareillyLive : ग्रेटर बरेली आवासीय योजना के विकास कार्यों में गुणवत्ता और समयबद्धता को लेकर बरेली विकास प्राधिकरण (बीडीए) ने सख्ती बढ़ा दी है। रविवार को अवकाश के दिन भी बीडीए उपाध्यक्ष सौम्या पांडेय ने ग्रेटर बरेली योजना का सघन स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने निर्माणाधीन आवासों, सड़कों, पार्कों और विद्युतीकरण के कार्यों की बारीकी से जांच की। सड़कों की गुणवत्ता परखने के लिए उनके सैंपल प्रयोगशाला भेजे गए, जबकि कार्यों में धीमी गति मिलने पर दो ठेकेदार फर्मों को कड़ी चेतावनी दी गई।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के हर परिवार को अपना घर उपलब्ध कराने के संकल्प को धरातल पर उतारने के उद्देश्य से प्राधिकरण आवासीय योजना के विकास कार्यों को निर्धारित मानकों के अनुरूप पूरा कराने पर जोर दे रहा है।

ईडब्ल्यूएस और एलआईजी आवासों की निर्माण गुणवत्ता जांची

निरीक्षण के दौरान बीडीए उपाध्यक्ष ने आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (ईडब्ल्यूएस) और निम्न आय वर्ग (एलआईजी) के लिए बनाए जा रहे निर्माणाधीन आवासों का जायजा लिया। उन्होंने ठेकेदारों से निर्माण कार्य में इस्तेमाल की जा रही सामग्री की गुणवत्ता के बारे में जानकारी ली और स्पष्ट निर्देश दिए कि निर्माण में निर्धारित मानकों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित किया जाए।

उन्होंने कहा कि आवास निर्माण में किसी भी स्तर पर गुणवत्ता से समझौता नहीं होना चाहिए। निर्माण कार्यों को तय मानकों के अनुरूप पूरा कराने की जिम्मेदारी संबंधित कार्यदायी संस्थाओं और अभियंताओं की है।

45 और 30 मीटर चौड़ी सड़कों की जांच, लैब भेजे सैंपल

ग्रेटर बरेली योजना में बनाई जा रही 45 मीटर और 30 मीटर चौड़ी सड़कों का भी उपाध्यक्ष ने निरीक्षण किया। उन्होंने मौके पर स्वयं सड़क की मोटाई जांची और गुणवत्ता परीक्षण के लिए सैंपल प्रयोगशाला भेजने के निर्देश दिए।

इसके साथ ही संबंधित अभियंताओं और कार्यदायी संस्था को सभी निर्माण कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूरा कराने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि विकास कार्यों की गुणवत्ता और उनकी प्रगति की नियमित निगरानी की जाएगी।

सेक्टर-7 में सेंट्रल पार्क के निर्माण की धीमी गति पर नाराजगी

निरीक्षण के अगले चरण में उपाध्यक्ष सुश्री सौम्या पांडेय ने ग्रेटर बरेली आवासीय योजना के सेक्टर-1, 7, 8 और 11 में पहुंचकर विकास कार्यों की स्थिति देखी।

सेक्टर-7 में सेंट्रल पार्क के निर्माण कार्य की धीमी गति देखकर उन्होंने नाराजगी जताई। संबंधित ठेकेदार फर्म को कड़ी चेतावनी देते हुए ब्लैकलिस्ट करने की कार्रवाई की चेतावनी दी। वहीं, विद्युतीकरण कार्य में ढिलाई मिलने पर संबंधित ठेकेदार को भी फटकार लगाई।

निरीक्षण के दौरान जहां भी कमियां सामने आईं, वहां उपाध्यक्ष ने मौके पर मौजूद अभियंताओं को तत्काल सुधार कराने के निर्देश दिए।

लापरवाही और गुणवत्ता से समझौता बर्दाश्त नहीं: सौम्या पांडेय

उपाध्यक्ष सुश्री सौम्या पांडेय (आईएएस) ने कहा कि प्राधिकरण की सभी आवासीय योजनाओं में आधारभूत सुविधाओं को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराया जा रहा है, ताकि आमजन को समय पर बेहतर आवासीय सुविधाएं मिल सकें।

उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि किसी भी स्तर पर लापरवाही अथवा निर्माण कार्यों की गुणवत्ता से समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सभी संबंधित अधिकारियों, अभियंताओं और कार्यदायी संस्थाओं को निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण कार्य पूरा करना होगा।

अवकाश के दिन भी स्वयं मौके पर पहुंचकर विकास कार्यों की समीक्षा करना बीडीए की जवाबदेह, पारदर्शी और जनहितैषी प्रशासनिक व्यवस्था के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!