The Voice of Bareilly since 2010

जम्मू-कशमीर के हंदवाड़ा में फिर आतंकी हमला, सीआरपीएफ के 3 जवान शहीद

श्रीनगर। देश अभी कर्नल और मेजर समेत 5 जांबाजों की शहादत के सदमे से उबर भी नहीं पाया था कि जम्मू-कश्मीर के हंदवाड़ा में सोमवार को फिर आतंकी हमला हुआ। घात लगाकर सीआरपीएफ की एक पैट्रोलिंग पार्टी पर किए गए इस हमले में 3 जवान शहीद हुए हैं। इस हमले में शामिल एक आतंकी को मार गिराया गया है।

आतंकवादियों के एक दल ने सोमवार शाम काजियाबाद में पैट्रोलिंग ड्यूटी पर जा रहे सीआरपीएफ के एक काफिले पर फायरिंग की। इस गोलीबारी के बाद हुई मुठभेड़ में सीआरपीएफ के जवानों ने एक हमलावर को मार गिराया। इलाके में जवाबी कार्रवाई के दौरान घायल सीआरपीएफ के तीन जवान शहीद हो गए। ये सभी सीआरपीएफ की  A/92 बटालियन के थे।

इस घटना की जानकारी के बाद करालगुंड, काजियाबाद और नौगाम के इलाकों में सेना ने एक बड़ा तलाशी अभियान शुरू किया है। इस ऑपरेशन में सेना की राष्ट्रीय राइफल्स और जम्मू-कश्मीर पुलिस के जवान भी शामिल हैं। दो बड़ी आतंकवादी घटनाओं के बाद सेना की स्पेशल फोर्सेज और राष्ट्रीय राइफल्स की कई टीमों ने कुपवाड़ा में बड़े स्तर पर आतंकियों की तलाश शुरू की है।

हंदवाड़ा में भी शहीद हुए थे पांच जवान

काजियाबाद की इस घटना से खुछ घंटे पहले ही हंदवाड़ा के चांजमुल्ला गांव में बंधक बनाए हुए कश्मीरियों को छुड़ाने गई सेना और पुलिस की टीम पर हमला हुआ था। इस घटना के बाद हुई मुठभेड़ में सेना के कर्नल आशुतोष शर्मा और मेजर अनुज सूद समेत कुल चार जवान और एक पुलिसकर्मी शहीद हुए थे।

 

error: Content is protected !!