The Voice of Bareilly since 2010

रायबरेली में मोदी का वार, कांग्रेस सरकारों ने किया सेना को कमजोर

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री बनने के बाद पहली बार गांधी परिवार के गढ़ रायबरेली पहुंचे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कांग्रेस खासकर नेहरू-गांधी परिवार पर जमकर बरसे। रायबरेली के लालगंज में जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कांग्रेस की सरकारों पर सेना का कमजोर करने का आरोप लगाया। कांग्रेस पर परिवारवाद शुरू करने का आरोप लगाते हुए कहा कि वह सैनिकों के परिवार के प्रति जवाबदेह हैं, किसी एक परिवार के प्रति नहीं।

 मोदी ने कांग्रेस नेता नवजोत सिंह सिद्धू के बयान को लेकर कांग्रेस पर निशाना साधा। कहा- ‘ये किस तरह के लोग है जिन्हें भारत माता के जयघोष से दिक्कत है। देश की सुरक्षा से खिलवाड़ किया जा रहा है। कांग्रसे के नेता ऐसी बोल रहे हैं कि तालियां पाकिस्तान में बजाई जा रही है।’

राफेल को लेकर कांग्रेस पर बोला हमला

राफेल विमान सौदे पर सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद आत्मविश्वास से भरे प्रधानमंत्री ने कांग्रेस को सीधे निशाने पर लिया। कहा, ‘आजादी के बाद से ही कांग्रेस की सरकारों के दौरान रक्षा सौदों में कोई मामा, चाचा, भतीजा माल खा लेता था। इसलिए अब जब रक्षा सौदा ईमानदारी से होता है तो कांग्रेस बौखला जाती है। सेना की मान-मर्यादा उनके चेले-चपाटों से परे है। जो नेता हमारे सेना अध्यक्ष को गुंडा कहता है, कांग्रेस उसको पार्टी में बड़े पद को तोहफा देती है। कांग्रेस के राज में ना तो जवान की परवाह की जाती है और न ही किसान की। ‘

पीएम ने कहा कि कारगिल युद्ध के बाद कांग्रेस ने 10 साल देश पर राज किया लेकिन कभी वायुसेना को मजबूत करने का काम नहीं किया। रक्षा सौदे के मामले में उसका रिकॉर्ड क्वात्रोची मामा वाला रहा है। क्रिश्चेन मिशेल को बचाने के लिए भी उसने अदालत में अपना वकील भेजा।  

सेना को मजबूत बनाने का प्रयास
प्रधानमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार का प्रयास है कि हमरी सेना कभी कमजोर ना हों। देश के लिए जान की बाजी लगाने वाले सैनिकों को मजबूत करना हमारा उद्देश्य है। मैं हर सैनिक और उसके परिवार के प्रति जवाबदेह हूं। जब तक मैं हूं सरकार ऐसे परिवारों के प्रति जवाबदेह होगी, एक परिवार के प्रति नहीं। इसके लिए कड़े से कड़े फैसले लेने के लिए भी हमारे कदम कभी पीछ नहीं हटेंगे. 

कांग्रेस पर तेजस के तीर
मोदी ने कहा- अगर 2014 के बाद कांग्रेस की सरकार बनती तो तेजस विमान डिब्बे में बंद कर दिया जाता। संप्रग सरकार के दौरान तेजस प्रोजेक्ट को कमजोर किया गया। हमारी सरकार आई तो 23 तेजस विमानों की खरीद को मंजूरी दी गई।  

कुछ लोग झूठ का ही भोजन करते हैं

मोदी ने कहा- रामचरित मानस में एक चौपाई है जिसमें कहा गया है कि कुछ लोग झूठ ही स्वीकार करते हैं, झूठ का ही भोजन करते है, झूठ ही चबाते रहते है। तंज कसा-  कुछ लोग इन्हीं पंक्तियों को पूरे दिन चबाते रहते हैं। ऐसे लोगों के लिए देश का रक्षा मंत्री झूठा है, वायुसेना भी झूठी है, फ्रांस की सरकार भी झूठी और अब तो उन्हें सुप्रीम कोर्ट भी झूठा लगने लगा है।

error: Content is protected !!