The Voice of Bareilly since 2010

अब प्रियंका के बहाने हिंदू कार्ड खेलेगी कांग्रेस

प्रियंका गांधी वाड्रा चार फरवरी को अपने भाई कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के साथ प्रयागराज में चल रहे कुंभ मेला में पवित्र संगम में डुबकी लगाएंगी। इसके बाद वह अपने राजनीतिक करियर की औपचारिक शुरुआत करेंगी।

लखनऊ। कांग्रेस एक बार फिर हिंदू कार्ड खेलने को तैयार है। पार्टी के अध्यक्ष राहुल गांधी के खुद को जनेऊधारी हिंदू बताने के बाद अब उनकी बहन प्रियंका गांधी वाड्रा भी सॉफ्ट हिंदुत्व की राह पर हैं। सक्रिय राजनीति में विधिवत  उतरने के बाद वह मौनी अमावस्या (चार फरवरी) को प्रयागराज कुंभ में स्नान करने के बाद पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव का पदभार ग्रहण करेंगी। गौरतलब है कि प्रियंका गांधी वाड्रा को पूर्वी उत्तर प्रदेश की जिमेदारी सौंपी गई है। प्रयागराज भी इसी क्षेत्र में है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का लोकसभा क्षेत्र यहां से एक से डेढ़ घंटे की दूरी पर ही है।  

एक साथ डुबी लगाएंगे भाई-बहन

अभी तक की जानकारी के अनुसार भाई-बहन (राहुल गांधी-प्रियंका गांधी वाड्रा) एक साथ प्रयागराज में चल रहे कुंभ मेले में संगम में डुबकी लगाएंगे। इसके बाद प्रियंका अपने राजनीतिक करियर की औपचारिक शुरुआत करेंगी। चार फरवरी को मौनी अमावस्या है और इसी दिन कुंभ का दूसरा शाही स्नान भी है। कुंभ में स्नान करने के बाद प्रियंका गांधी वाड्रा लखनऊ में राहुल गांधी के साथ एक संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस भी करेंगी। भाई-बहन यदि किसी कारणवश चार फरवरी को संगम में स्नान नहीं कर पाते हैं तो वे 10 फरवरी को तीसरे शाही स्नान के दिन पवित्र डुबकी लगाएंगे। 10 फरवरी का मुहुर्त भी खास है क्योंकि इस दिन वसंत पंचमी है।

सोनिया गांधी ने भी किया था कुंभ स्नान

प्रियंका गांधी वाड़्रा की इस योजना को भाजपा की दक्षिणपंथी विचारधारा को कांग्रेस के जवाब के तौर पर देखा जा रहा है। गौरतलब है कि राहुल गांधी ने गुजरात विधानसभा चुनाव के दौरान कई मंदिरों में पूजा-अर्चना की थी। राजस्थान विधानसभा चुनाव के दौरान उन्होंने खुद को जनेऊधारी हिंदू बताया था। राजस्थान के ही एक मंदिर में पूजा करते हुए राहुल गांधी ने अपने को दत्तात्रेय गोत्रीय ब्राह्मण बताया था। राहुल गांधी के इस कदम की भाजपा ने कड़ी आलोचना की थी और कहा था कि राहुल को मंदिर तभी याद आते हैं जब चुनाव आता है। इसका जवाब देते हुए राहुल गांधी ने कहा था कि वह भाजपा के लोगों से बेहतर हिन्दू धर्म को समझते हैं। गौररतलब है कि वर्ष 2001 में तत्कालीन कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने भी कुंभ मेले में स्नान किया था।

error: Content is protected !!