The Voice of Bareilly since 2010

लोकसभा चुनावः सपा की तीसरी सूची में सुमन और विंद के नाम

समाजवादी पार्टी की तीसरी सूची के अनुसार रामजी लाल सुमन हाथरस (सुरक्षित) सीट और राजेंद्र एस. विंद मीरजापुर सीट पर चुनाव लड़ेंगे।

लखनऊ। लोकसभा चुनाव के लिए उत्तर प्रदेश में सबसे पहले प्रत्याशियों की सूची जारी कर मैदान मार लेने वाली समाजवादी पार्टी (सपा) ने बुधवार को तीसरी सूची भी जारी कर दी। इस सूची में पार्टी के दो बड़े चेहरों रामजी लाल सुमन और राजेंद्र एस. विंद के नाम हैं। गौरतलब है कि इस बार लोकसभा चुनाव में गठबंधन के तहत सपा 37 जबकि बसपा (बहुजन समाज पार्टी) उत्तर प्रदेश की 38 लोकसभा सीटों पर चुनाव लड़ने जा रही है। रालोद यानी राष्ट्रीय लोकदल को भी इस महागठबंधन में शामिल करते हुए उसे तीन सीटें दी गई हैं।

अब तक 11 उम्मीदवार तय

तीसरी सूची के अनुसार रामजी लाल सुमन हाथरस (सुरक्षित) सीट और राजेंद्र एस. विंद मीरजापुर सीट पर चुनाव लड़ेंगे। इन दो कद्दावर नेताओं के साथ ही सपा ने कुल 11 सीटों पर अपने उम्मीदवार तय कर दिए हैं। इससे पहले पिछले सप्ताह क्रमशः छह और तीन प्रत्याशियों की सूची जारी कर सपा अपने नौ उम्मीदवारों की घोषणा कर चुकी है। पहली सूची के अनुसार पार्टी ने संस्थापक-संरक्षक मुलायम सिंह यादव को मैनपुरी, धर्मेंद्र यादव को बदायूं, अक्षय यादव को फिरोजाबाद, कमलेश कठेरिया को इटावा, भाईलाल कोल को रॉबर्ट्सगंज और शब्बीर वाल्मीकि को बहराइच से उम्मीदवार बनाया है। 

11 नामों में से चार मुलायम परिवार के

सपा की दूसरी सूची में सपा अध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की पत्नी डिंपल यादव सहित तीन महिलाओं के नाम शामिल हैं। डिंपल यादव को कन्नौज, ऊषा वर्मा को हरदोई और पूर्वी वर्मा को लखीमपुर खीरी से प्रत्याशी बनाया गया है। इस प्रकार अब तक घोषित 11 नामों में से चार मुलायम सिंह यादव के ही परिवार के हैं।

इस बार लोकसभा चुनाव में सपा और बसपा गठबंधन कर चुनाव मैदान में उतर रही हैं। समझौते के तहत सपा 37 और बसपा 38 सीटों पर चुनाव लड़ने जा रही है। महागठबंधन की तीसरी सहयोगी पार्टी रालोद तीन सीटें दी गई हैं। इस महागठबंधन ने रायबरेली और अमेठी सीटों पर अपना उम्मीदवार नहीं उतारने की घोषणा की थी। कांगऱेस की पहली सूची के अनुसार रायबरेली से संप्रग अध्यक्ष सोनिया गांधी जबकि अमेटी से कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी चुनाव लड़ेंगे।

error: Content is protected !!