The Voice of Bareilly since 2010

किसी भी खतरे का मुकाबला करने में पाक सेना सक्षम : राहील शरीफ

raheel-sharifइस्लामाबाद। कश्मीर मुद्दे पर भारत के साथ वाकयुद्ध तेज होने बीच पाकिस्तान के सेना प्रमुख जनरल राहील शरीफ ने आज कहा कि पाकिस्तान के सशस्त्र बल देश की सुरक्षा पर आने वाले किसी भी खतरे का मुकाबला करने में सक्षम हैं, चाहे कोई भी कीमत अदा करनी पड़े।

अधिकारियों और जवानों से बात करते हुए पाक सेना प्रमुख ने कहा कि इस बात में कोई शक नहीं कि हमारी बहादुर सेना में खतरे के पूरे आयाम का मुकाबला करने की क्षमता है और इंशाअल्ला पूरे देश की मदद से हम अपने प्यारे मुल्क के एक-एक इंच की हिफाजत करेंगे।  चाहे कोई भी कीमत अदा करनी पड़े।’ शरीफ पाकिस्तान में पंजाब के खरियां के पास स्थित नेशनल काउंटर टेररिज्म सेंटर (एनसीटीसी) का निरीक्षण कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने केंद्र के बुनियादी ढांचे को उन्नत करने के लिए आधुनिक सुविधाओं का उद्घाटन किया।

सेना प्रमुख ने दावा किया कि पाकिस्तान एक दशक से अधिक समय से आतंकवाद का शिकार रहा है और उसने बहुत कुर्बानी दी है लेकिन ‘हमने आतंकवाद के खिलाफ जीत हासिल की है और ऐसा मुख्य रूप से पूरे देश के समर्थन से और हमारे सुरक्षा बलों की पेशेवर क्षमता से संभव हुआ है।’ जम्मू कश्मीर के उरी में सेना के एक बेस पर 18 सितंबर को आतंकी हमले के बाद से भारत और पाकिस्तान के बीच कूटनीतिक तनाव बढ़ रहा है।

पाकिस्तान ने हमले में अपनी संलिप्तता के आरोपों को खारिज कर दिया है। पाकिस्तान के प्रधानमंत्री नवाज शरीफ ने बुधवार को संयुक्त राष्ट्र महासभा में दिए अपने भाषण में एक बार फिर से कश्मीर मुद्दे को उठाया था और कहा था कि कश्मीर पाकिस्तान के लिए मुद्दा नहीं मिशन है।

error: Content is protected !!