The Voice of Bareilly since 2010

कांग्रेस भी बोली- जय श्रीराम

नई दिल्ली। राम सेतु मामले की सुनवाई के दौरान भगवान राम को काल्पनिक पात्र बताने वाली कांग्रेस अयोध्या में राम मंदिर भूमि पूजन के दौरान “राममय” हो गई। राम से ऐसी प्रीत लगी कि कांग्रेस की तमाम बड़े नेता “राम-राम” करते नजर आए।

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष व सांसद राहुल गांधी ने बुधवार को भगवान राम को याद करते हुए एक ट्वीट किया है। इस ट्वीट में उन्होंने भगवान राम के स्वरूपों का वर्णन किया है। राहुल ने ट्विट में लिखा है, “मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान राम सर्वोत्तम मानवीय गुणों का स्वरूप हैं। वे हमारे मन की गहराइयों में बसी मानवता की मूल भावना हैं। राम प्रेम हैं, वे कभी घृणा में प्रकट नहीं हो सकते। राम करुणा हैं, वे कभी क्रूरता में प्रकट नहीं हो सकते। राम न्याय हैं, वे कभी अन्याय में प्रकट नहीं हो सकते।”

पार्टी की महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने उम्मीद जताई कि अयोध्या समारोह राष्ट्रीय एकता, बंधुत्व और सांस्कृतिक समागम के लिए एक अवसर होगा।

झारखंड यूथ कांग्रेस ने ट्वीट किया है, “राम साहस हैं, राम संगम हैं, राम संयम हैं, राम सहयोगी हैं। राम सबके हैं। भगवान राम सबका कल्याण चाहते हैं। इसीलिए वे मर्यादा पुरुषोत्तम हैं।”

कांग्रेस के अधिकारिक ट्विटर अकाउंट से किए गए ट्वीट में लिखा है कि भारत भूमि भगवान राम के मर्यादित जीवन और आदर्शों से सदैव गौरवान्वित हुई है। यही आदर्श महात्मा गांधी का “रामराज” हैं जो तप, त्याग, सेवा, कर्तव्य, करुणा, बंधुत्व, सद्भाव का अनुसरण है। आइए यह मार्ग प्रशस्त करें। इस पावन अवसर पर हार्दिक शुभकामनाएं!

कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता रणदीप सिंह सुरजेवाला ने ट्वीट किया, “राम मंदिर भूमिपूजन की शुभकामनाएं। आशा है कि त्याग, कर्तव्य, करुणा, उदारता, एकता, बंधुत्व, सद्भाव, सदाचार के रामबाण मूल्य जीवन पथ का रास्ता बनेंगे। जय सियाराम।”

error: Content is protected !!