The Voice of Bareilly since 2010

Covid 19- Vaccination : इंतजार खत्म, भारत में 16 जनवरी से शुरू होगा कोरोना का टीका लगना

नई दिल्ली। भारत मेंकोरोना का टीका16 जनवरी लगना शुरू हो जाएगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सरकार ने शनिवार को इसकी घोषणा की। सबसे पहले करीब 3 करोड़ हेल्थकेयर और फ्रंटलाइन वर्करों को टीका लगाया जाएगा। इसके बाद 50 साल से ज्यादा उम्र के लोगों और इससे कम उम्र के उन लोगों को टीके लगेंगे जो पहले से ही किसी गंभीर बीमारी से पीड़ित हैं। ऐसे लोगों की तादाद करीब 27 करोड़ है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्वीट कर कहा कि 16 जनवरी को भारत कोरोना वायरस से लड़ने में एक और महत्वपूर्ण कदम आगे बढ़ जाएगा। 16 जनवरी से भारत का राष्ट्रव्यापी कोरोना का टीकाकरण अभियान शुरू जाएगा। उन्होंने कहा कि कोरोना के टीकाकरण में हमारे बहादुर डॉक्टरों, हेल्थकेयर वर्कर्स, सफाई कर्मचारियों सहित फ्रंटलाइन कर्मचारियों को सबसे पहले प्राथमिकता दी जाएगी। 

कोविन एप पर 79 लाख लोगों का कराया रजिस्ट्रेशन

प्रधानमंत्री को बताया गया कि किस तरह से केंद्र सरकार राज्यों के साथ मिलकर जल्द शुरू होने वाले टीकाकरण अभियान की तैयारियां कर रही है। प्रधानमंत्री को बताया गया कि कोविन एप (Covin App) पर अब तक 79 लाख लाभार्थियों का रजिस्ट्रेशन कराया जा चुका है, जिन्हें शुरुआत में टीका दिया जाना है। बैठक में विस्तृत समीक्षा के बाद यह तय किया गया कि लोहड़ी, मकर संक्रांति पोंगल, माघ बिहू जैसे त्योहारों के मद्देनजर देश में टीकाकरण अभियान 16 जनवरी से शुरू किया जाएगा।

इससे पहले प्रधानमंत्री मोदी ने आज कोरोना टीकाकरण के लिए राज्य और केंद्र शासित प्रदेशों की तैयारियों के साथ देश में कोरोना की स्थिति की समीक्षा के लिए एक उच्च-स्तरीय बैठक की अध्यक्षता की। बैठक में कैबिनेट सचिव, प्रधान सचिव, प्रधान सचिव, स्वास्थ्य सचिव और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने भाग लिया।

दो कोरोना वैक्सीन को मिली है मंजूरी

डीसीजीआई (ड्रग कंट्रोलर जनरल ऑफ इंडिया) ने अभी हाल ही में देश में दो कोरोना वैक्सीन को मंजूरी दी है। इनमें सीरम इंस्टिट्यूट ऑफ इंडिया की कोविशील्ड (Covishield) और भारत बायोटेक की कोवैक्सिन (Covaxin) शामिल हैं।

गौरतलब है कि दुनिया की सबसे बड़ी वैक्सीन निर्माता कंपनी सीरम इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया (SII) ने Covishield के उत्पादन के लिए एस्ट्राजेनेका और ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी के साथ साझेदारी की है। भारत बायोटेक ने भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (ICMR) के साथ मिलकर Covaxin का विकास किया है।

error: Content is protected !!