The Voice of Bareilly since 2010

बरेली समाचार- उप्र उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल के शपथ ग्रहण एवं सम्मान समारोह में व्यापारी एकता का आह्वान

आंवला (बरेली)। “अकेले कोई भी लड़ाई नहीं लड़ी जा सकती। इसके लिए सभी व्यापारी भाइयों को एक होना पड़ेगा।” उक्त विचार महानगर अध्यक्ष एवं प्रदेश संयुक्त महामंत्री शोभित सक्सेना ने शनिवार को यहां स्वर्ण पैलेस में आयोजित उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल के शपथ ग्रहण एवं सम्मान समारोह में व्यक्त किए।

शोभित सक्सेना ने कहा कि सिर्फ नारे लगाने से कुछ नहीं होता। नारा लगाना खुद अपने लिए आफत मोल लेना है। उन्होंने कहा कि हमारा व्यापार काफी हद तक ऑनलाइन शॉपिंग से भी प्रभावित हो रहा है। ऑनलाइन व्यापार को बंद होना चाहिए। अगर हमें अपना खुदरा व्यापार बचाना है तो ऑनलाइन खरीदारी बंद करनी होगी।

उन्होंने कहा कि कुछ व्यापारी अपने फायदे के लिए अधिकारियों की चाटुकारिता करते हैं। अपना सम्मान बचाना है तो ऐसा करना छोड़ना होगा। अपने सम्मान को बचाए रखना है तो अधिकारी जिस भाषा में बात करें, उन्हें  उसी भाषा में जवाब दें। व्यापारी एकजुट होकर काम करें, उड़न दस्ता आने पर एक आवाज पर इकट्ठे हो जाएं। उन्होंने कहा कि हमने बरेली में कई लड़ाइयां लड़ी हैं और उन्हें जीता भी है।

प्रदेश उपाध्यक्ष जफर बेग ने कहा कि व्यापारी हित के लिए हम हर लड़ाई लड़ने को तैयार हैं। अगर अधिकारी हमारी बात नहीं मानते तो इसे कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

इस अवसर पर व्यापारी सुभाष रस्तोगी को व्यापार शिरोमणि से सम्मानित किया गया। महिला मोर्चा तथा गैनी एवं देवचरा से आए हुए व्यापारियों को शपथ दिलाई गई। इस अवसर पर प्रदेश संगठन मंत्री एवं नगर अध्यक्ष सुनील गुप्ता, शिवेक खंडेलवाल, कविता खंडेलवाल, संजना चौहान, सुधीर अग्रवाल, राजकुमार राजपूत, अमित शर्मा, अंकित शर्मा, पंकज खंडेलवाल, मशकूर खान, दुर्गेश सक्सेना समेत काफी संख्या में व्यापारी मौजूद रहे। अध्यक्षता कर रहे संजीव गुप्ता ने सभी का आभार व्यक्त किया। संचालन डॉ विजय कुमार वर्मा ने किया।

error: Content is protected !!