The Voice of Bareilly since 2010

कांशीराम जी के विचार आज भी सामाजिक समानता और अधिकारों की लड़ाई को देते हैं नई दिशा: शुभलेश यादव

bareillylive@कांशीराम जी के विचार आज भी सामाजिक समानता

सपा जिला कार्यालय पर कांशीराम जी की पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि गोष्ठी, नेताओं ने पुलिस कार्रवाई पर जताई नाराजगी

बरेली@bareillylive:बरेली, 9 अक्टूबर। बहुजन आंदोलन के प्रणेता एवं बामसेफ तथा डीएस-4 के संस्थापक मान्यवर कांशीराम जी की पुण्यतिथि पर समाजवादी पार्टी के बरेली जिला कार्यालय में श्रद्धांजलि गोष्ठी का आयोजन किया गया। सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव और प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल के निर्देश पर आयोजित कार्यक्रम में पार्टी नेताओं ने कांशीराम जी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी। वक्ताओं ने सामाजिक समानता, वंचित वर्गों के अधिकारों और बहुजन एकता के लिए उनके योगदान को याद किया।

पुलिस तैनाती और हाउस अरेस्ट का लगाया आरोप

समाजवादी पार्टी के पदाधिकारियों ने आरोप लगाया कि श्रद्धांजलि कार्यक्रम से पहले ही प्रशासन ने जिलाध्यक्ष शुभलेश यादव सहित कई पार्टी नेताओं के आवास पर पुलिस तैनात कर दी। पार्टी नेताओं का दावा है कि कई पदाधिकारियों को उनके घरों में ही नजरबंद कर दिया गया, ताकि वे जिला कार्यालय पर आयोजित कार्यक्रम में शामिल न हो सकें। इस कार्रवाई को लेकर सपा कार्यकर्ताओं ने नाराजगी जताई और इसे लोकतांत्रिक अधिकारों के विरुद्ध बताया।

कांशीराम जी ने बहुजन समाज को जागरूक करने का काम किया: शुभलेश यादव

श्रद्धांजलि गोष्ठी को संबोधित करते हुए सपा जिलाध्यक्ष शुभलेश यादव ने कहा कि बरेली सामाजिक न्याय की परंपरा से जुड़ी धरती रही है। मान्यवर कांशीराम जी ने देशभर में साइकिल यात्राओं के माध्यम से बहुजन समाज को जागरूक करने का काम किया था। रुहेलखंड क्षेत्र में भी उनके विचारों ने लोगों को सामाजिक अधिकारों के प्रति जागरूक किया।

उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार में बहुजन महापुरुषों को श्रद्धांजलि देने के कार्यक्रमों में भी बाधाएं उत्पन्न की जा रही हैं। यादव ने कहा कि बहुजन समाज अब जागरूक हो चुका है और समाजवादी पार्टी के पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) की विचारधारा के माध्यम से कांशीराम जी के सामाजिक न्याय के अधूरे मिशन को आगे बढ़ाया जाएगा।

बहुजन एकता और भाईचारे पर दिया जोर

महानगर अध्यक्ष शमीम खां सुल्तानी ने कहा कि बरेली में दलित, पिछड़े, मुस्लिम और अति पिछड़े समाज की बड़ी आबादी है। मान्यवर कांशीराम जी ने इन वर्गों को एकजुट कर बहुजन समाज की अवधारणा को मजबूत करने का संदेश दिया था। उन्होंने प्रशासन की कथित कार्रवाई की निंदा करते हुए कहा कि पार्टी कार्यकर्ता जनता के बीच जाकर सामाजिक न्याय और बहुजन महापुरुषों के सम्मान का संदेश पहुंचाएंगे।

अंबेडकर वाहिनी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सुरेंद्र सोनकर ने कहा कि कांशीराम जी के विचार आज भी युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उन्होंने दावा किया कि बरेली के युवाओं में मान्यवर के प्रति गहरा सम्मान है। सोनकर ने कहा कि पार्टी की ओर से बरेली में एक बड़े बहुजन सम्मेलन के आयोजन के माध्यम से उनके विचारों को और मजबूती देने का प्रयास किया जाएगा।

बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता रहे मौजूद

श्रद्धांजलि गोष्ठी में पूर्व महानगर अध्यक्ष कदीर अहमद, जिला उपाध्यक्ष रविंद्र सिंह यादव, प्रदीप मौर्य, नूतन शर्मा, महानगर महासचिव दीपक शर्मा, जिला कोषाध्यक्ष अशोक यादव, जितेंद्र मुंडे, मुश्ताक अहमद, डॉ. ओमकार पटेल, कैंट विधानसभा अध्यक्ष हरिओम प्रजापति, धर्मेंद्र लालू, जिला सचिव राम सेवक प्रजापति, जोगेंद्र सिंह पटेल, शारिक कुरैशी, दीपू यादव, नरेंद्र यादव, अमित गिहार, सुदेश यादव, शानू यादव, काले वाल्मीकि और रवि फौजी सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!