The Voice of Bareilly since 2010

संत बाबा हरिदास शिव मंदिर, ब्राह्मपुरा मालीवाड़ा में विराजेगें बप्पा, होगें कई कार्यक्रम

गणपति बप्पा मोरया! मंगल मूर्ति मोरया!!

Bareillylive : हर वर्ष की भाँति इस वर्ष भी अपार श्रद्धा और भक्ति भाव के साथ श्री गणेश चतुर्थी का पावन पर्व संत बाबा हरिदास शिव मंदिर, ब्राह्मपुरा माली वाड़ा, बरेली में बड़े हर्ष और उल्लास के साथ मनाया जाएगा। जैसा कि सर्वविदित है, श्री गणेश चतुर्थी का पर्व विघ्नहर्ता, मंगलकर्ता और प्रथम पूजन के अधिकारी भगवान श्री गणेश जी की उपासना का विशेष दिन है। इस अवसर पर मंदिर परिसर को विविध प्रकार की सजावट और रंग-बिरंगी रोशनियों से अलंकृत किया जाएगा ताकि श्रद्धालु भक्तगण दिव्य वातावरण में अपने आराध्य का स्मरण कर सकें।

दिनांक 27 अगस्त 2025, बुधवार को श्री गणपति महाराज की भव्य प्रतिमा का मंदिर परिसर में आगमन होगा। प्रतिमा के आगमन के पश्चात शुद्ध विधि-विधान से पूजन संपन्न किया जाएगा। उसी दिन रात्रि 8 बजे सामूहिक गणेश पूजन और 10 बजे आरती के पश्चात प्रसाद वितरण का आयोजन रहेगा।

28 अगस्त, गुरुवार को श्री हरि की सत्यनारायण कथा का आयोजन होगा। इसके साथ ही गणपति पूजन संपन्न होगा। रात्रि 8 बजे से पूजन के बाद 10 बजे भव्य आरती सम्पन्न होगी और तत्पश्चात प्रसाद वितरण किया जाएगा।

29 अगस्त, शुक्रवार को भक्तिमय वातावरण में गणपति पूजन के उपरान्त एक विशेष भजन संध्या का आयोजन किया जाएगा, जिसमें स्थानीय भजन मंडलियों द्वारा श्री गणेश की महिमा का गुणगान किया जाएगा। रात्रि 10 बजे आरती और प्रसाद वितरण होगा।

30 अगस्त, शनिवार, सांय 8 बजे से गणपति पूजन के बाद संगीतमय सुन्दरकाण्ड पाठ का आयोजन होगा, जो भक्तों को मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम की दिव्य कथा में डुबो देगा। यह आयोजन रात्रि 10 बजे आरती और प्रसाद वितरण के साथ सम्पन्न होगा।

31 अगस्त, रविवार को सांय 7 बजे गणपति पूजन एवं विशेष छप्पन भोग अर्पित किया जाएगा। इसके साथ ही “एक शाम बाबा खाटू श्याम के नाम” शीर्षक से विशेष संकीर्तन कार्यक्रम का आयोजन खाटू श्याम संकीर्तन मंडल द्वारा संपन्न किया जाएगा। रात्रि 11:30 बजे तक यह भक्ति संध्या चलेगी, जिसके बाद आरती और प्रसाद वितरण किया जाएगा।

1 सितम्बर, सोमवार को प्रातः 10 बजे हवन होगा और प्रसाद वितरण होगा। तत्पश्चात दोपहर 12 बजे दही हांडी महोत्सव, गणपति महाराज की विसर्जन यात्रा और शोभायात्रा बड़े धूमधाम और भक्तिभाव के साथ संपन्न होगी। बरेली की पावन धरती पर भक्तों की इस यात्रा में भक्ति, उल्लास और आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिलेगा।

आप सभी श्रद्धालु भक्तों से विनम्र निवेदन है कि इस पावन अवसर पर पधारकर अपना पुण्य लाभ अर्जित करें और गणपति बप्पा की कृपा का साक्षात्कार करें।

स्थान – संत बाबा हरिदास शिव मंदिर, ब्राह्मपुरा माली वाड़ा, बरेली

error: Content is protected !!