The Voice of Bareilly since 2010

दीपोत्सवः दिवाली पर 5 लाख दियों से जगमगाएगी राम की नगरी

अयोध्या। इस बार की दिवाली पर राम की नगरी की छटा देखते ही बनेगी। दीपोत्सव वृहद स्तर पर होगा, पिछली बार से ज्यादा बड़ा और विशिष्ट। दरअसल, उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार पिछले दो साल से यहां दीपोत्सव का आयोजन कर रही है। इस बार इसे जनसहयोग से वृहद दीपोत्सव की तरह मनाया जाएगा। कुल पांच लाख दीये जलाने का लक्ष्य है जिनमें से तीन लाख की व्यवस्था सरकार करेगी जबकि दो लाख को जनसहयोग से जगमगाया जाएगा। सभी सरकारी कार्यालय दियों की रोशनी से जगमगाएंगे। दीपोत्सव 24-26 तक चलेगा।

योगी आदित्यनाथ सरकार इसे लेकर कितनी गंभीर है इसे इसी बात से समझा जा सकता है कि स्वयं मुख्य सचिव आरके तिवारी और पुलिस महानिदेशक ओपी सिंह ने मंगलवार को यहां मुख्य दीपोत्सव स्थल राम की पैड़ी का निरीक्षण किया। मुख्य सचिव ने राम की पैड़ी पर चल रहे कार्यों  पर संतोष जताते हुए कहा कि दीपोत्सव ऐतिहासिक होगा। डीजीपी ने कहा कि अयोध्या हमेशा हाई अलर्ट जोन रहा है। दीपोत्सव के दौरान यहां सुरक्षा के कड़े इंतजाम रहेंगे। सरयू नदी सहित सभी जगहों पर सुरक्षा बल तैनात होंगे। मुख्य सचिव और डीजीपी ने राम की पैड़ी के अलावा राम कथा पार्क का भी निरीक्षण किया। डीजीपी ओपी सिंह ने कहा कि सरकारी इमारतों सहित पहली बार थानों में भी दीपक जलाएं जाएंगे।

error: Content is protected !!