सिटी सब्जी मंडी स्थित प्राचीन महर्षि वाल्मीकि मंदिर से निकली शोभायात्रा, जगह-जगह पुष्पवर्षा कर हुआ स्वागत
बरेली@bareillylive:बरेली। महर्षि वाल्मीकि प्रकट दिवस के अवसर पर सोमवार को शहर में श्रद्धा और उल्लास के साथ भव्य शोभायात्रा निकाली गई। सिटी सब्जी मंडी स्थित प्राचीन भगवान महर्षि वाल्मीकि मंदिर से निकली शोभायात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। भगवान वाल्मीकि के जयकारों और भजनों से वातावरण भक्तिमय हो गया। जगह-जगह लोगों ने पुष्पवर्षा कर शोभायात्रा का स्वागत किया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कैंट विधायक एवं भाजपा के सह कोषाध्यक्ष संजीव अग्रवाल ने महर्षि वाल्मीकि और लव-कुश का विधि-विधान से पूजन-अर्चन किया। इसके बाद हरी झंडी दिखाकर शोभायात्रा का शुभारंभ किया। महर्षि वाल्मीकि जन्मोत्सव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष अंशु आर्य के नेतृत्व में शोभायात्रा निकाली गई।
महर्षि वाल्मीकि ने मानवता को दिखाया आदर्श जीवन का मार्ग : संजीव अग्रवाल
इस अवसर पर कैंट विधायक संजीव अग्रवाल ने कहा कि आदिकवि महर्षि वाल्मीकि ने अपनी अमर कृति रामायण के माध्यम से संपूर्ण मानवता को सत्य, धर्म, मर्यादा और आदर्श जीवन का मार्ग दिखाया। उनकी शिक्षाएं समाज को सद्भाव, समानता और नैतिक मूल्यों की प्रेरणा देती हैं।
उन्होंने कहा कि महर्षि वाल्मीकि का जीवन और उनकी रचनाएं भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर हैं। उनके विचार आज भी समाज को एकता, सदाचार और मानवता के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देते हैं।
बिहारीपुर से नॉवेल्टी चौराहे तक गूंजे महर्षि वाल्मीकि के जयकारे
शोभायात्रा सिटी सब्जी मंडी से निकलकर बिहारीपुर और बरेली कॉलेज चौराहा क्षेत्र से होते हुए आगे बढ़ी। नॉवेल्टी चौराहे पर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। मार्ग में विभिन्न स्थानों पर लोगों ने पुष्पवर्षा कर शोभायात्रा का स्वागत किया।
शोभायात्रा में शामिल श्रद्धालु भगवान वाल्मीकि के जयकारे लगाते हुए आगे बढ़ते रहे। डीजे पर ‘जो बोले सो निर्भय बोल, प्रभु वाल्मीकि की जय’ भजन बजते ही युवा झूम उठे। भक्ति गीतों पर महिलाओं और बच्चों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया। शोभायात्रा के दौरान पूरे मार्ग पर उत्सव जैसा माहौल बना रहा।
जनप्रतिनिधियों और समाज के गणमान्य लोगों ने की सहभागिता
शोभायात्रा में एससी-एसटी आयोग के सदस्य उमेश कठेरिया, राष्ट्रीय सफाई कर्मचारी आयोग की सदस्य सुषमा गौडियाल, अधिवक्ता आकाश पुष्कर, भाजपा ब्रज क्षेत्र के क्षेत्रीय मंत्री दीपक सोनकर, शोभायात्रा अध्यक्ष अंशु आर्य, स्वागत अध्यक्ष अभिजीत कठेरिया, राहुल राजे, विशाल बिंदु, प्रभात सिंह, हरिवंश सिंह, शिशुपाल कठेरिया, विश्वास महाजन, हरीश बाबू वाल्मीकि, पार्षद अजय रत्नाकर, पार्षद संतोष कश्यप, मनोज भारती, अमरीश कठेरिया और सुरेंद्र चौधरी सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।






Leave a Reply