bareillylive@bareillynews:बरेली। व्हाट्सऐप के जरिए ट्रेडिंग में मोटा मुनाफा कमाने का झांसा देकर बिहारीपुर निवासी मोहित रस्तोगी से हुई 10 लाख 50 हजार रुपये की साइबर ठगी के मामले में साइबर थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस की लगातार कार्रवाई और बैंकिंग लेनदेन की जांच के बाद ठगी की रकम में से 8 लाख 62 हजार 365 रुपये पीड़ित के खाते में वापस करा दिए गए हैं। शेष रकम की बरामदगी के लिए जांच जारी है।
मोहित रस्तोगी ने 17 अक्टूबर 2025 को साइबर थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया था कि आरोपियों ने मोबाइल पर संपर्क कर उन्हें ट्रेडिंग एप से जोड़ा और निवेश पर मोटा मुनाफा दिलाने का झांसा दिया। इसके बाद अलग-अलग बैंक खातों में रकम ट्रांसफर कराकर उनसे कुल 10.50 लाख रुपये की ठगी कर ली गई।
शिकायत मिलने के बाद साइबर थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू की। टीम ने गृह मंत्रालय के साइबर क्राइम पोर्टल, बैंकों और संबंधित एजेंसियों के साथ समन्वय कर रकम के लेनदेन की पड़ताल की। बैंकिंग ट्रांजैक्शन की कड़ियां जोड़ते हुए पुलिस ने मनी ट्रेल को ट्रेस किया और 8,62,365 रुपये की धनराशि होल्ड कराकर पीड़ित के खाते में वापस कराने में सफलता हासिल की।
गेमिंग एप में भेजी गई रकम की भी तलाश
जांच में सामने आया कि ठगी की कुछ रकम कई छोटे-छोटे गेमिंग एप और अन्य माध्यमों के जरिए आगे भेजी गई थी। पुलिस अब इन लेनदेन की कड़ियों को जोड़कर शेष रकम की बरामदगी का प्रयास कर रही है। जांच के दौरान पश्चिम बंगाल के दो संदिग्ध आरोपियों की पहचान भी हुई है। उनके खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक आरोपियों के बैंक खातों और उनसे जुड़े लेनदेन की गहन जांच की जा रही है। मनी ट्रेल के आधार पर साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं, ताकि ठगी की बची रकम भी वापस कराई जा सके और मामले में शामिल सभी आरोपियों तक पहुंचा जा सके।
साइबर टीम की लगातार मॉनिटरिंग
इस कार्रवाई में साइबर थाना पुलिस की टीम की भूमिका अहम रही। टीम ने लगातार बैंकिंग ट्रांजैक्शन की मॉनिटरिंग करते हुए संबंधित एजेंसियों से समन्वय स्थापित किया। मामले की विवेचना प्रभारी निरीक्षक धनंजय पांडेय के नेतृत्व में की जा रही है। कांस्टेबल विजय कुमार भी जांच में सहयोग कर रहे हैं।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि ऑनलाइन ट्रेडिंग में कम समय में अधिक मुनाफे का लालच देने वाले संदेशों और कॉल से सावधान रहें। किसी अनजान व्यक्ति के कहने पर ट्रेडिंग एप डाउनलोड करने या बैंक खाते में रकम ट्रांसफर करने से पहले उसकी पूरी जानकारी सत्यापित करें। किसी भी संदिग्ध कॉल, मैसेज या ऑनलाइन ठगी की स्थिति में तत्काल साइबर थाना पुलिस को सूचना दें।






Leave a Reply