Bareillylive: ऑल इंडिया कल्चरल एसोसिएशन की कनॉट प्लेस स्थित घंटाघर के निकट मंगलवार को हुई बैठक में यह निर्णय लिया गया कि संस्था एवं जिला समारोह समिति के संयुक्त तत्वावधान में 15 अगस्त, 2026 के स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर 40वां पांचाल महोत्सव भव्य रूप से मनाया जाएगा। कार्यक्रमों की श्रृंखला पिछले वर्षों के अनुसार इस बार भी स्थानीय संजय गांधी कम्युनिटी हॉल में आयोजित होगी।
संस्था के अध्यक्ष राजीव शर्मा “टीटू” ने कहा कि संस्थापक स्व. जे. सी.पालीवाल की परम्परा के अनुरूप राष्ट्रीय पर्वों पर सांस्कृतिक आयोजन जारी रहेंगे और पांचाल महोत्सव को उत्साह व श्रद्धा के साथ मनाया जाएगा। कार्यकारी अध्यक्ष डॉ. सय्यद सिराज अली ने बताया कि पांचाल महोत्सव के पूर्वाह्न 14 अगस्त को शाम 5 बजे कनॉट प्लेस के निकट घंटाघर में कवि सम्मेलन व मुशायरा आयोजित होगा, जिसकी अध्यक्षता वरिष्ठ कवि रणधीर प्रसाद गौड़ करेंगे। वहां देशभक्ति से ओतप्रोत रचनाएँ एवं कलाम प्रस्तुत किए जाएंगे।
महासचिव सुनील धवन ने कार्यक्रम-सूची का खुलासा करते हुए बताया कि 15 अगस्त को स्थानीय संजय गांधी कम्युनिटी हॉल में प्रातः 11 बजे से सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ होंगी, जबकि शाम 7 बजे माधव रंगमंडल द्वारा नाटक “प्रीपेड मृत्यु” का मंचन होगा। इस नाटक के लेखक एवं निर्देशक शैलेन्द्र कुमार हैं। कार्यक्रम समन्वयक व उपाध्यक्ष कमल श्रीवास्तव ने कहा कि सांस्कृतिक कार्यक्रम तथा नाटक के उपरांत रात 8 बजे पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित किया जाएगा। मीडिया प्रभारी देवेन्द्र रावत ने प्रवेश पूर्णतः निःशुल्क रहने की जानकारी दी।
बैठक में इफ्फत सिराज, अलीशा, अमित कक्कड़, नरेश विश्वकर्मा, राजीव लोचन शर्मा, नाहिद बेग, दिलशाद मियां समेत अन्य सदस्य उपस्थित रहे। आयोजक सभी नागरिकों से आमंत्रण करते हैं कि वे राष्ट्रीय पर्व पर आयोजित इन सांस्कृतिक कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर भाग लें।






Leave a Reply