bareillylive@bareillynews:बरेली। थाना देवरनिया पुलिस ने अंतरराज्यीय मोटरसाइकिल चोर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए नौ आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी की 12 मोटरसाइकिलें, मास्टर-की सहित 12 चाबियों का गुच्छा, तीन मोबाइल फोन और 6 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं। बरामद बाइकों में बरेली, रामपुर और उत्तराखंड के उधमसिंह नगर से चोरी हुई मोटरसाइकिलें शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार, तीन अगस्त की रात बरेली-नैनीताल हाईवे पर चेकिंग के दौरान बिना नंबर प्लेट की एक बाइक पर सवार तीन युवकों को रोका गया। जांच में बाइक चोरी की निकली। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उनका नौ सदस्यीय गिरोह विभिन्न क्षेत्रों से मास्टर-की के जरिए मोटरसाइकिलें चोरी करता था।
चोरी के बाद बाइकों को वसुपुरा ढाल के पास एक खंडहर में छिपाया जाता था, जहां चेसिस नंबर मिटाकर फर्जी नंबर प्लेट लगाई जाती थी और बाद में उन्हें राह चलते लोगों को बेच दिया जाता था।
आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने खंडहर से 11 अन्य चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद कर छह और साथियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों में बरेली और उत्तराखंड के निवासी शामिल हैं।
पुलिस के मुताबिक गिरोह के खिलाफ बरेली, रामपुर और उधमसिंह नगर के विभिन्न थानों में पहले से वाहन चोरी के मुकदमे दर्ज हैं।
थाना देवरनिया में सभी नौ आरोपियों के विरुद्ध बीएनएस की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया गया है। पुलिस शेष बरामद मोटरसाइकिलों के वास्तविक स्वामियों की पहचान और गिरोह से जुड़े अन्य मामलों की जांच कर रही है।






Leave a Reply