bareillylive@bareillynews:धार्मिक उल्लास के बीच निकली भव्य शोभायात्रा, जगह-जगह पुष्पवर्षा कर श्रद्धालुओं ने किया स्वागत
बरेली। श्री गंगा महारानी की 97वीं विशाल शोभायात्रा सोमवार को मलूकपुर कसगरान स्थित श्री गंगा महारानी मंदिर से धूमधाम और धार्मिक उल्लास के साथ निकाली गई। शोभायात्रा का शुभारंभ कैंट विधानसभा विधायक एवं सह कोषाध्यक्ष संजीव अग्रवाल ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना के बाद हरी झंडी दिखाकर किया।
शोभायात्रा से पूर्व संजीव अग्रवाल ने मां गंगा महारानी की वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद लिया। इसके बाद वह रथ पर सवार हुए और शोभायात्रा को रवाना किया। यात्रा में सैकड़ों श्रद्धालुओं ने उत्साह के साथ भाग लिया।
मां गंगा हमारी सनातन संस्कृति की जीवनधारा : संजीव अग्रवाल
कैंट विधायक संजीव अग्रवाल ने कहा कि मां गंगा केवल एक नदी नहीं, बल्कि सनातन संस्कृति, अटूट आस्था और राष्ट्रीय चेतना की जीवनधारा हैं। प्रतिवर्ष आयोजित होने वाली यह ऐतिहासिक शोभायात्रा समाज में आपसी समरसता, भाईचारे और धार्मिक जागृति का संदेश देती है।
उन्होंने कहा कि इस पावन आयोजन का हिस्सा बनकर और मां गंगा का आशीर्वाद प्राप्त कर उन्हें आत्मिक शांति और आनंद की अनुभूति हुई। उन्होंने कहा कि ऐसे धार्मिक आयोजन युवा पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक जड़ों और संस्कारों से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं।
झांकियां और बैंड रहे आकर्षण का केंद्र
शोभायात्रा में विभिन्न देवी-देवताओं के स्वरूपों की दर्जनों मनमोहक झांकियां आकर्षण का प्रमुख केंद्र रहीं। बैंड-बाजे, हाथी-घोड़े और धार्मिक गीतों ने वातावरण को भक्तिमय बना दिया। श्रद्धालु मां गंगा के जयकारे लगाते हुए यात्रा में शामिल हुए।
मार्ग में जगह-जगह स्थानीय लोगों ने पुष्पवर्षा कर शोभायात्रा का स्वागत किया। भारी संख्या में मातृशक्ति, युवा और क्षेत्रीय गणमान्य नागरिक यात्रा में शामिल हुए।
इन प्रमुख मार्गों से होकर गुजरी शोभायात्रा
शोभायात्रा मलूकपुर कसगरान से प्रारंभ होकर डलाव वाली मठिया, सिटी सब्जी मंडी, विनायक अस्पताल, कुंवरपुर जसोली, किला चौकी, बड़ा बाजार, कुतुबखाना, शिवाजी मार्ग, मठ की चौकी, श्यामगंज, कालीबाड़ी, रोडवेज, मोती पार्क और बिहारीपुर ढाल होते हुए वापस श्री गंगा महारानी मंदिर, मलूकपुर कसगरान पहुंची, जहां शोभायात्रा का समापन हुआ।
पूरे मार्ग में श्रद्धालुओं की भीड़ रही और मां गंगा के जयकारों से शहर का वातावरण गूंजता रहा।
कमेटी पदाधिकारी और श्रद्धालु रहे मौजूद
शोभायात्रा में श्री गंगा महारानी पुष्पधा कमेटी के अध्यक्ष सुमित सैनी, अरुण कश्यप, अमरीश कठेरिया, ऋषि कश्यप, विकास पासवान, बंटी वाल्मीकि, दीनानाथ सिंह, सुबोध अग्रवाल सहित कमेटी के पदाधिकारी, सेवादार और श्रद्धालु मौजूद रहे।
इसके अलावा संजीव कुमार, अतुल कुमार, सचिन सैनी, अंश सैनी, पुरुषोत्तम सैनी, बिक्की सैनी, विकास चंद्रा, संजीव रस्तोगी, आकाश सैनी, अमोल सैनी, अंकित सैनी, अनमोल, ध्रुव, मनी, अनिकेत, दिव्यांश, सनी सैनी और आर्यन समेत बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल रहे।






Leave a Reply