The Voice of Bareilly since 2010

₹20 के बीमा ने बदली किसान के परिवार की जिंदगी, हादसे में मौत के बाद मिला दो लाख का सहारा

₹20 के बीमा ने बदली किसान के परिवार की जिंदगी

bareillylive@ बरेली बहेड़ी कभी-कभी छोटी सी बचत और एक सही निर्णय मुश्किल वक्त में परिवार के लिए बड़ा सहारा बन जाता है। बहेड़ी तहसील के गांव उनई मकरूका निवासी किसान वीरपाल सिंह के परिवार के साथ भी ऐसा ही हुआ। सड़क हादसे में किसान की मौत के बाद प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना (पीएमएसबीवाई) के तहत उनकी पत्नी को दो लाख रुपये की बीमा राशि मिली है।

गांव उनई मकरूका निवासी वीरपाल सिंह पुत्र हीरालाल 23 मार्च 2026 को साइकिल से खेत से चारा लेकर घर लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में टैंपो की टक्कर से वह गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजन उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बहेड़ी ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार में मातम छा गया।

वीरपाल सिंह का नगर पालिका बहेड़ी स्थित भारतीय स्टेट बैंक की शाखा में बचत खाता था। बैंक की ओर से उनके खाते पर प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना सक्रिय थी। हादसे की जानकारी उनके पुत्र विपिन कुमार ने शाखा प्रबंधक विनीत कुमार को दी और बीमा दावा कराने का अनुरोध किया।

शाखा प्रबंधक ने खाते की जांच कराई तो पता चला कि वीरपाल सिंह और उनकी पत्नी तारावती के संयुक्त बचत खाते पर केंद्र सरकार की सामाजिक सुरक्षा योजना के तहत पीएमएसबीवाई का बीमा सक्रिय था। इसके बाद बैंक ने आवश्यक दस्तावेज और दावा प्रक्रिया पूरी कराने में परिवार की मदद की।

पीएमएसबीवाई के तहत महज 20 रुपये वार्षिक प्रीमियम पर 18 से 70 वर्ष की आयु के खाताधारकों को दुर्घटना बीमा का लाभ मिलता है। दुर्घटना में मृत्यु होने पर नामित व्यक्ति को दो लाख रुपये की बीमा राशि दी जाती है।

बैंक की ओर से की गई कार्रवाई के बाद योजना की नोडल बीमा कंपनी नेशनल इंश्योरेंस कंपनी ने मृतक की पत्नी और नामिनी तारावती को दो लाख रुपये की बीमा राशि का भुगतान किया। सोमवार को उप जिलाधिकारी बहेड़ी गोपाल शर्मा और एसबीआई शाखा प्रबंधक विनीत कुमार ने तारावती को दो लाख रुपये का चेक सौंपा।

इस दौरान अधिकारियों ने लोगों से प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना समेत अन्य सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का लाभ लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि मामूली वार्षिक प्रीमियम वाली ऐसी योजनाएं आकस्मिक परिस्थितियों में परिवार के लिए आर्थिक सुरक्षा का महत्वपूर्ण माध्यम बन सकती हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!