The Voice of Bareilly since 2010

बरेली में बारिश से भरभराकर गिरा मकान, चारपाई से उछल तालाब में गिरा युवक; बाल-बाल बची जान

बरेली में लगातार बारिश के बीच एक मकान अचानक ढह गया। हादसे के वक्त अंदर सो रहा युवक मलबे में दबने के बजाय चारपाई से उछलकर पास के तालाब में जा गिरा। इस तरह उसकी जान बाल-बाल बच गई। घटना के बाद आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई।

 बरेली के सदर तहसील क्षेत्र के सूदनपुर गांव में रविवार तड़के बारिश के दौरान नन्हें का पक्का मकान लिंटर समेत अचानक भरभराकर गिर गया। हादसे के समय मकान के कमरे में सो रहा नन्हें का 30 वर्षीय बेटा राजेश चारपाई समेत बाहर जा गिरा। चारपाई हवा में उछलने के बाद राजेश पास के तालाब में जा गिरा। गनीमत रही कि उसे कोई चोट नहीं आई। घटना में कोई जनहानि नहीं हुई, हालांकि मकान पूरी तरह जमींदोज हो गया और मलबे में एक ट्रैक्टर भी दब गया।

नन्हें ने बताया कि वह रविवार सुबह करीब चार बजे भैंस को चारा डालने के लिए गए थे। इसी दौरान अचानक मकान का लिंटर भरभराकर गिर गया। उस समय राजेश कमरे में चारपाई पर सो रहा था। लिंटर गिरने से चारपाई उछलकर मकान के बाहर जा गिरी और राजेश तालाब में जा गिरा। इस तरह उसकी जान बच गई। ग्रामीण इस घटना को किसी चमत्कार से कम नहीं मान रहे हैं।

हादसे के बाद मकान का पूरा मलबा मौके पर पड़ा रहा, जिसमें एक ट्रैक्टर भी दब गया। ग्रामीणों के मुताबिक, घटना के करीब चार घंटे बाद तक कोई पुलिस या प्रशासनिक अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा। इससे ग्रामीणों में नाराजगी देखी गई। पीड़ित परिवार ने प्रशासन से नुकसान का आकलन कराकर उचित मुआवजा दिलाने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!