The Voice of Bareilly since 2010

किशोर कुमार के अमर गीतों से सजी संगीतमय शाम, अजय चौहान को मिला ‘किशोर कुमार स्मृति सम्मान’

बरेलीलाइव@बरेलीन्यूज:मानव सेवा क्लब ने मनाई किशोर कुमार की 97वीं जयंती, कलाकारों ने दी यादगार प्रस्तुतियां

बरेली। मानव सेवा क्लब के तत्वावधान में बुधवार को सदाबहार गायक किशोर कुमार की 97वीं जयंती पर “गीत-संगीत की एक शाम किशोर के नाम” कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कहरवान स्थित क्लब कार्यालय सभागार में आयोजित कार्यक्रम की शुरुआत किशोर कुमार के चित्र पर माल्यार्पण तथा मां शारदा की वंदना से हुई। वंदना की प्रस्तुति सुरेंद्र बीनू सिन्हा और अरुणा सिन्हा ने दी।

कार्यक्रम में कलाकारों ने किशोर कुमार के लोकप्रिय गीतों की मनमोहक प्रस्तुतियां देकर श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। क्लब के महासचिव मुकेश कुमार सक्सेना ने “छूकर मेरे मन को किया तूने क्या इशारा” गीत प्रस्तुत कर खूब तालियां बटोरीं। प्रकाश चंद्र ने “दिल में आग लगाए सावन का महीना” और प्रसिद्ध गायक अजय चौहान ने “दीवाना लेकर आया है” गीत प्रस्तुत कर दर्शकों की वाहवाही लूटी।

गायक अनूप जायसवाल ने “रात कली एक ख्वाब में आई” गीत से समां बांध दिया। वहीं कल्पना ने “तेरे बिन जिंदगी से शिकवा”, शकुन सक्सेना ने “मेरे महबूब कयामत होगी”, जितेंद्र सक्सेना ने “ये क्या हुआ, कैसे हुआ” तथा सत्येंद्र सक्सेना ने “हमें तुमसे प्यार कितना” की प्रस्तुति देकर कार्यक्रम को यादगार बना दिया।

क्लब के अध्यक्ष सुरेंद्र बीनू सिन्हा ने बताया कि किशोर कुमार की 97वीं जयंती के अवसर पर केक काटकर भी खुशी मनाई गई। इस दौरान उत्कृष्ट गायिकी के लिए प्रसिद्ध गायक अजय चौहान को ‘किशोर कुमार स्मृति सम्मान’ से सम्मानित किया गया। उन्हें शॉल और स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में राजेश सक्सेना, मंजूलता, सुधीर मोहन, मीरा मोहन, रीता सक्सेना, मुकेश कुमार, आर.एन. मेहरोत्रा, अनिल गुप्ता, डॉ. असित रंजन, बेबी शर्मा, रश्मि सक्सेना, मंजू गुप्ता और डॉ. अतुल वर्मा ने भी किशोर कुमार के लोकप्रिय गीत प्रस्तुत किए।

कार्यक्रम की अध्यक्षता सुरेश बाबू मिश्रा ने की। संचालन सुरेंद्र बीनू सिन्हा ने किया, जबकि अंत में अल्पना जायसवाल ने सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!