@bareillylive : उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले स्थित गंगोत्री धाम के कपाट बंद होने के बाद गंगोत्री का पवित्र जल कलश लेकर काठमांडू के पशुपतिनाथ मंदिर में चढ़ाने के लिए निकले रावल शिव प्रकाश जी पूर्व की भांति इस बार भी बरेली पहुंचे। शहर के गांधी नगर स्थित सुशील मित्तल के निवास पर भक्तों ने ढोल-नगाड़े, जयकारों और फूलों की वर्षा के साथ जल कलश यात्रा का भव्य स्वागत किया। इस अवसर पर “गंगा मैया की जय” के उत्साहपूर्ण नारे गूंजे।
गंगोत्री धाम के कपाट 10 नवंबर 2026 को बंद होने के बाद रावल शिव प्रकाश जी गंगोत्री का जल कलश लेकर निकले हैं। यह उनका काठमांडू के पशुपतिनाथ मंदिर में गंगाजल चढ़ाने का 26वां अभियान है। बरेली में आयोजित स्वागत समारोह में भक्तों ने जल कलश एवं रावल जी का पुष्पवर्षा से स्वागत किया तथा गंगाजल कलश की आरती की। इसके बाद भक्तजनों ने प्रसाद ग्रहण किया।
इस अवसर पर रावल शिव प्रकाश जी ने कहा कि भारत और नेपाल के संबंध ऐसे धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यों से पूर्व काल से ही मजबूत रहे हैं और आज भी बने हुए हैं। उन्होंने बताया कि जब से गंगा मैया धरती पर आई हैं, तभी से उनके पवित्र जल को पशुपतिनाथ मंदिर में चढ़ाने की परंपरा पूर्वजों द्वारा निभाई जाती रही है। यह यात्रा न केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक है, बल्कि दोनों देशों के बीच सदियों पुराने सांस्कृतिक संबंधों को भी दर्शाती है।
रावल शिव प्रकाश जी बरेली से लखनऊ के लिए रवाना हुए। वहां से अगले दिन गोरखपुर होते हुए वे काठमांडू जाएंगे। 23 नवंबर को काठमांडू स्थित पशुपतिनाथ मंदिर में वे भगवान शिव को गंगोत्री का पवित्र जल अर्पित करेंगे। इस पवित्र यात्रा के दौरान रास्ते के विभिन्न स्थानों पर भक्तों द्वारा जल कलश का स्वागत किया जाता है।
स्वागत समारोह में सुशील मित्तल, चित्रा मित्तल, बीजेपी नेता अनिल कुमार एडवोकेट, विधायक संजीव अग्रवाल, ब्रज क्षेत्रीय अध्यक्ष पूरन लाल लोधी, गुलशन आनंद, पुष्पेंदु शर्मा, गौरव सक्सेना, मोहित अरोरा, डॉ. राजकुमार, कमल चतुर्वेदी, डॉ. विनोद पागरानी, डॉ. सुधांशु अग्रवाल, निर्भय सक्सेना तथा उमेश कठेरिया सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति एवं भक्त उपस्थित रहे।
समारोह के दौरान भक्तों ने गंगा आरती, पुष्प अर्पण एवं जयकारों के साथ गंगा मैया की पूजा-अर्चना की। सभी ने रावल शिव प्रकाश जी की यात्रा की सफलता की कामना की तथा काठमांडू में गंगाजल अर्पण के लिए शुभकामनाएं दीं। यह आयोजन आस्था, संस्कृति और भारत-नेपाल के धार्मिक संबंधों को जोड़ने वाली परंपरा का जीवंत उदाहरण रहा।






Leave a Reply