The Voice of Bareilly since 2010

गणेश नगर में टायर काटे जाने का आरोप, नगर निगम प्रवर्तन दल घिरा विवादों में

Bareillylive : नगर निगम के प्रवर्तन दल पर टायर काटकर वाहनों को नुकसान पहुंचाने के आरोप को लेकर शहर में नाराजगी बढ़ गई है। वरिष्ठ पत्रकार एवं सामाजिक कार्यकर्ता शैलेंद्र विक्रम ने इसे नागरिकों के अधिकारों पर हमला बताते हुए नगर निगम प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग की है। शैलेंद्र विक्रम ने आरोप लगाया कि गणेश नगर गेट के पास अतिक्रमण हटाने गई टीम ने वहां खड़े कई वाहनों के टायर काट दिए और उन्हें क्षतिग्रस्त कर दिया। उनका कहना है कि गलत तरीके से खड़े वाहनों पर चालान की कार्रवाई की जा सकती थी, लेकिन निजी संपत्ति को नुकसान पहुंचाना किसी भी सूरत में उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि यदि प्रशासन को यातायात व्यवस्था सुधारनी है तो पहले वैकल्पिक पार्किंग और स्पष्ट व्यवस्था करनी चाहिए। बिना व्यवस्था बनाए केवल दंडात्मक रवैया अपनाना जनता में डर पैदा करता है और इससे प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल उठते हैं।

शैलेंद्र विक्रम ने नगर आयुक्त और महापौर से मांग की कि घटना की निष्पक्ष जांच कराई जाए और दोषी कर्मचारियों पर तत्काल कार्रवाई हो। उन्होंने कहा कि पीड़ित वाहन स्वामियों को हुए नुकसान की भरपाई भी सुनिश्चित की जाए। उन्होंने यह भी कहा कि प्रवर्तन दल को उसके अधिकार क्षेत्र की स्पष्ट जानकारी दी जानी चाहिए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं दोबारा न हों। उनके अनुसार, कानून का पालन जरूरी है, लेकिन कानून के नाम पर तोड़फोड़ स्वीकार नहीं की जा सकती।

ज्ञापन सौंपने के दौरान कुछ अन्य नागरिकों ने भी इस कार्रवाई की निंदा की। इनमें सेवानिवृत्त किशोरी लाल, सेवानिवृत्त सब-इंस्पेक्टर अशोक पाल, एडवोकेट जयपाल कश्यप और एडवोकेट ज्ञान मौर्य शामिल रहे। इन लोगों ने प्रशासन से मांग की कि अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई नियमों और मानवीय संवेदनशीलता के साथ की जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर दोषियों पर कार्रवाई नहीं हुई तो मामला आगे उच्च स्तर तक उठाया जाएगा और सडकों पर उतरकर एक बड़ा जन आंदोलन खड़ा किया जायेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!