bareillylive@बरेली। सिविल कोर्ट के अधिवक्ता जनाब आलम ने एडीएम सिटी न्यायालय के पेशकार राहुल गंगवार के खिलाफ भ्रष्टाचार, अभद्र व्यवहार और पक्षकारों से अवैध वसूली के गंभीर आरोप लगाते हुए अधिकारियों को शिकायती प्रार्थना-पत्र सौंपकर जांच एवं कार्रवाई की मांग की है।
शिकायत में अधिवक्ता का आरोप है कि पेशकार राहुल गंगवार लंबे समय से न्यायालय में अनियमितताएं कर रहा है। उनका कहना है कि पूर्व पीठासीन अधिकारी के कार्यकाल में भी कई पक्षकारों से फूड एक्ट से जुड़े मामलों में राहत दिलाने के नाम पर 40 से 50 हजार रुपये तक लिए गए, जबकि उन्हें केवल 15 हजार रुपये के जुर्माने की रसीद दी गई।
आरोप है कि यह रकम अधिवक्ता की जानकारी के बिना वसूली जाती थी।
प्रार्थना-पत्र के अनुसार, 27 जुलाई को किरायेदारी विवाद से जुड़े एक मामले में वकालतनामा दाखिल करने पहुंचे अधिवक्ता के साथ पेशकार ने कथित रूप से अभद्र व्यवहार किया, फाइल होने से इनकार किया, वकालतनामा वापस फेंक दिया और धमकी दी।
शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि न्यायालय में तारीख लगाने के नाम पर पक्षकारों से 50 से 100 रुपये तक की अवैध वसूली की जाती है तथा विरोध करने वालों को परेशान किया जाता है।
अधिवक्ता जनाब आलम ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी पाए जाने पर पेशकार के विरुद्ध कड़ी विभागीय एवं दंडात्मक कार्रवाई की मांग की है।






Leave a Reply