The Voice of Bareilly since 2010

2500 रुपये प्रोत्साहन राशि को मूल मानदेय में शामिल करने की मांग, आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं ने सौंपा ज्ञापन

आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं ने सौंपा ज्ञापन

बरेली:बरेली@bareillylive:बरेली। आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं की बढ़ाई गई 2500 रुपये की प्रोत्साहन राशि को मूल मानदेय में शामिल करने समेत विभिन्न मांगों को लेकर आंगनवाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिका वेलफेयर एसोसिएशन ने आवाज उठाई। एसोसिएशन की अध्यक्ष ओमवती गंगवार के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन सिटी मजिस्ट्रेट को सौंपा।

2500 रुपये को मूल मानदेय में शामिल करने की मांग

एसोसिएशन की अध्यक्ष ओमवती गंगवार ने कहा कि प्रदेश की आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं के लिए पांच लाख रुपये तक की कैशलेस चिकित्सा सुविधा और यूनिफॉर्म के लिए 500 रुपये की बढ़ोतरी किए जाने पर एसोसिएशन सरकार का आभार व्यक्त करती है।

उन्होंने कहा कि वर्तमान घोषणा में 1500 रुपये मूल मानदेय तथा 2500 रुपये प्रोत्साहन राशि के रूप में बढ़ाए गए हैं। एसोसिएशन की प्रमुख मांग है कि 2500 रुपये की प्रोत्साहन राशि को भी मूल मानदेय में शामिल किया जाए, ताकि इसका भुगतान प्रत्येक माह नियमित रूप से सुनिश्चित हो सके।

कई जनपदों में प्रोत्साहन राशि का भुगतान लंबित

ओमवती गंगवार ने कहा कि पूर्व से मिलने वाली प्रोत्साहन राशि का भुगतान भी कई जनपदों में नियमित रूप से नहीं हो रहा है। कई माह की राशि लंबित है। उन्होंने बताया कि कुछ स्थानों पर छह माह बाद तो कहीं एक वर्ष बाद प्रोत्साहन राशि का भुगतान किए जाने की स्थिति सामने आ रही है।

एसोसिएशन ने लंबित प्रोत्साहन राशि का तत्काल भुगतान कराने की मांग की है।

पोषण ट्रैकर की GPS व्यवस्था को बताया परेशानी का कारण

अध्यक्ष ने पोषण ट्रैकर ऐप के माध्यम से केंद्र संचालन के लिए लागू GPS व्यवस्था को भी आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं के लिए परेशानी का कारण बताया। उनका कहना है कि ग्रामीण क्षेत्रों में नेटवर्क की समस्या बनी रहती है। इसके अलावा कई कार्यकर्ताओं को मोबाइल रिचार्ज कराने में भी आर्थिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।

उन्होंने कहा कि विभागीय बैठक, प्रशिक्षण, रैली और अन्य सरकारी कार्यों के लिए केंद्र से बाहर रहने के दौरान भी GPS के कारण उपस्थिति दर्ज करने में परेशानी होती है।

सरकार से सकारात्मक निर्णय की उम्मीद

एसोसिएशन ने 2500 रुपये की प्रोत्साहन राशि को मूल मानदेय में शामिल करने, लंबित प्रोत्साहन राशि का तत्काल भुगतान कराने और GPS व्यवस्था लागू नहीं करने की मांग की है।

ओमवती गंगवार ने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि सरकार आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं की समस्याओं और मांगों पर सकारात्मक निर्णय लेगी।

ज्ञापन के दौरान मीना, सरोज कुमार, इरम, कमलेश, सत्यवती, सन्नो, विमला देवी, जयश्री, शशि, जगरानी, पार्वती, लक्ष्मी, माया, ममता मौर्य, शकुंतला देवी, उर्मिला तोमर, आरती शर्मा और गीता सागर समेत अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!