बरेली@Bareillylive: बरेली।के बड़ा बाजार साहूकारा स्थित श्री दाऊ जी मंदिर में अन्नकूट महोत्सव पूरे हर्षोल्लास और भक्तिमय वातावरण के बीच मनाया गया। कार्यक्रम में सुरमणि पंडित अवधेश कुमार गोस्वामी, राकेश गोस्वामी, योगेश गोस्वामी तथा मठ गद्दी तुलसी स्थल के नीरज नयन दास महाराज विशेष रूप से उपस्थित रहे। श्रद्धालुओं की भारी उपस्थिति और भजनों की मधुर प्रस्तुतियों ने माहौल को भक्ति और उत्सव से भर दिया।
कार्यक्रम की शुरुआत में प्रसिद्ध गायक कलाकार दीपक राणा ने “कोई राम राम कहता है, कोई शिव शिव गाता है” भजन प्रस्तुत किया, जिसे सुनकर उपस्थित भक्तों ने खूब तालियां बजाईं और उनकी प्रस्तुति की वाह-वाह की।
इसके बाद राजीव पाल ने “घनश्याम तेरी बंसी पागल कर जाती है” गाकर श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। प्रमित शर्मा ने “मैं तो वृंदावन वृंदावन जाऊंगी” भजन से भक्तों के मन में कृष्ण भक्ति का भाव जगाया, जबकि अजय चौहान ने “ए री सखी मंगल गाओ री” प्रस्तुत कर वातावरण को और भक्तिमय बना दिया।
बलदेव संगीत महाविद्यालय के सभी संगीत विद्यार्थियों ने भी भजनों की कर्णप्रिय प्रस्तुतियां दीं। तबले की संगत में अजय शंकर ने विशेष योगदान दिया। मिलक से पहुंचे विपिन बिहारी ने “राधा रानी जी” का भजन गाकर श्रद्धालुओं को भाव-विभोर कर दिया। मारुति शर्मा और सिद्धार्थ नेगी ने भी अपनी मधुर एवं भक्तिमय प्रस्तुतियां देकर कार्यक्रम को यादगार बनाया।
इस अवसर पर सुरमणि पंडित अवधेश कुमार गोस्वामी ने बताया कि वे कई पीढ़ियों से दाऊ जी मंदिर में संगीत शिक्षार्थियों को संगीत की शिक्षा दे रहे हैं। वे रामपुर आकाशवाणी और दूरदर्शन के ग्रेडेड कलाकार हैं। पंडित अवधेश गोस्वामी को सुरमणि की उपाधि प्राप्त है तथा उन्हें कई अंतरराष्ट्रीय कलाकारों के साथ शास्त्रीय गायन का अनुभव भी है।
कार्यक्रम के अंत में पहुंचे सभी श्रद्धालुओं, कलाकारों और संगीत विद्यार्थियों का गुरुजी पंडित अवधेश कुमार गोस्वामी ने आभार व्यक्त किया। उन्होंने सभी का सहयोग और भक्ति-भाव के लिए धन्यवाद दिया। अन्नकूट महोत्सव का यह आयोजन भक्ति, संगीत और सांस्कृतिक विरासत का सुंदर संगम रहा।

Leave a Reply