bareillylive@bareillynews:मायके वालों का आरोप—सोने की चेन, अंगूठी और नकदी के लिए किया जा रहा था प्रताड़ित; पति और ससुर हिरासत में
बरेली/भोजीपुरा। भोजीपुरा थाना क्षेत्र के ग्राम तजुआ में 23 वर्षीय नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से सनसनी फैल गई। गुरुवार, 3 सितंबर 2026 की शाम संगीता का शव ससुराल के बरामदे में टीन शेड से फंदे पर लटका मिला। सूचना पर एसएचओ के.बी. सिंह पुलिस टीम और फील्ड यूनिट के साथ मौके पर पहुंचे। टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मृतका के मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने और हत्या कर शव को फंदे पर लटकाने का गंभीर आरोप लगाया है। पुलिस ने पिता की तहरीर पर पति समेत पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले में पति धारा सिंह और ससुर जगदीश को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
अप्रैल में हुई थी शादी
थाना हाफिजगंज क्षेत्र के ग्राम अहमदाबाद निवासी मृतका के पिता रामसिंह ने बताया कि उनकी बेटी संगीता की शादी 22 अप्रैल 2026 को तजुआ निवासी जगदीश के बेटे धारा सिंह के साथ हुई थी। आरोप है कि शादी में अपनी सामर्थ्य के अनुसार दान-दहेज देने के बावजूद ससुराल पक्ष संतुष्ट नहीं था।
परिजनों के मुताबिक, शादी के कुछ समय बाद से ही संगीता को कम दहेज लाने का ताना दिया जाने लगा। पति धारा सिंह, ससुर जगदीश, सास सुदामा, ननद रजनी और ननदोई संतोष कुमार निवासी करमपुर चौधरी पर सोने की चेन, अंगूठी और नकदी की मांग करने तथा संगीता को मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित करने का आरोप लगाया गया है।
पंचायत के बाद भी नहीं थमा विवाद
मायके वालों का कहना है कि ससुराल पक्ष की कथित प्रताड़ना को लेकर कई बार पंचायत के माध्यम से मामला सुलझाने का प्रयास किया गया, लेकिन इसके बावजूद परिस्थितियों में सुधार नहीं हुआ।
परिजनों के अनुसार, गुरुवार शाम करीब 6:30 बजे रामसिंह ने बेटी का हाल जानने के लिए फोन किया। आरोप है कि फोन पर ससुराल पक्ष की ओर से उन्हें बताया गया कि संगीता ने फांसी लगा ली है। परिजन जब तजुआ पहुंचे तो संगीता का शव फंदे पर लटका मिला।
मायके पक्ष ने आशंका जताई है कि दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर संगीता की हत्या कर शव को फंदे पर लटकाया गया।
पुलिस बोली—पोस्टमार्टम रिपोर्ट से साफ होगी स्थिति
सीओ हाइवे देवेश कुमार के अनुसार, घटना के समय पति और ससुर के मजदूरी पर जाने तथा सास के भी घर पर मौजूद नहीं होने की बात सामने आई है। प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं से जांच कर रही है।
पिता रामसिंह की तहरीर के आधार पर बीएनएस और दहेज प्रतिषेध अधिनियम की धारा 3 व 4 के तहत पांच आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने पति धारा सिंह और ससुर जगदीश को हिरासत में लिया है।
पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।






Leave a Reply