bareillylive@bareillynews:बरेली। उत्तर प्रदेश आशा वर्कर्स यूनियन के आह्वान पर गुरुवार को आशा कार्यकर्ताओं ने विभिन्न मांगों को लेकर जिला मुख्यालय पर प्रदर्शन किया। जिला अध्यक्ष शिववती साहू के नेतृत्व में प्रदर्शन कर रही कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन एसडीएम को सौंपा और मांगों के शीघ्र निस्तारण की मांग की।
जिला अध्यक्ष शिववती साहू ने कहा कि 16 फरवरी 2026 को उप मुख्यमंत्री एवं स्वास्थ्य मंत्री तथा यूनियन प्रतिनिधियों के बीच हुई वार्ता में आशा कार्यकर्ताओं की 13 सूत्रीय मांगों पर सहमति बनी थी।
इसके बावजूद अब तक समझौते को प्रभावी रूप से लागू नहीं किया गया है। उन्होंने कहा कि आशा कार्यकर्ताओं का आधार भुगतान बढ़ाकर 10 हजार रुपये प्रतिमाह करने और आशा संगिनियों के भुगतान में वृद्धि का आश्वासन दिया गया था, जिसे जल्द लागू किया जाना चाहिए।
आशा कार्यकर्ताओं ने आयुष्मान कार्ड, आभा आईडी, पोलियो, फाइलेरिया, टीबी, कुष्ठ रोग, दस्तक, संचारी अभियान, जेएसवाई और नसबंदी सहित विभिन्न कार्यों की लंबित प्रोत्साहन राशि का तत्काल भुगतान किए जाने की मांग उठाई। साथ ही पोलियो, फाइलेरिया, दस्तक और संचारी अभियानों में कार्य करने के लिए प्रतिदिन 500 रुपये प्रोत्साहन राशि निर्धारित करने की मांग की गई।
यूनियन ने मातृत्व अवकाश चार माह किए जाने, कैशलेस चिकित्सा सुविधा के साथ पांच लाख रुपये का स्वास्थ्य बीमा देने तथा दुर्घटना बीमा की राशि दो लाख से बढ़ाकर 10 लाख रुपये करने की मांग भी रखी। कार्यकर्ताओं ने भुगतान व्यवस्था में पारदर्शिता सुनिश्चित करने और आंदोलन के दौरान दर्ज मुकदमों को वापस लेने की मांग की।
इसके अलावा 45वें और 46वें भारतीय श्रम सम्मेलन की सिफारिशों को लागू करने तथा आशा कार्यकर्ताओं को राज्य कर्मचारी का दर्जा देने की मांग भी प्रमुखता से उठाई गई।
प्रदर्शन में रूप देवी, कीर्ति कुमार, पूनम शर्मा, हिराकली, लीलावती, दीपा सिंह, अंगूरवती, वीरवाला, रूबी, सुंदरी, ओमवती, लता मधुबाला, राजरानी, बृजकिशोरी, कमला, वंदना सक्सेना, बेबी, पिंकी, निशी, शकुंतला, रजनी देवी, ज्योति रीता, मिथलेश, शीला, पूनम देवी, कुसुम, रेनू, उमा देवी सहित बड़ी संख्या में आशा कार्यकर्ता मौजूद रहीं।






Leave a Reply