The Voice of Bareilly since 2010

कांवड़ यात्रा को लेकर बरेली प्रशासन अलर्ट, सुरक्षा से सुविधाओं तक किए व्यापक इंतजाम

bareillylive@bareillynews:कांवड़ पथ पर सहायता शिविर, भंडारे, चिकित्सा और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत; सफल आयोजन पर प्रदेशभर में चर्चा में ‘बरेली मॉडल’

बरेली। कांवड़ यात्रा को सकुशल, शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए बरेली जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा और सुगम आवागमन सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन ने व्यापक तैयारियां की हैं। कांवड़ यात्रा के सफल प्रबंधन को लेकर प्रदेशभर में ‘बरेली मॉडल’ की सराहना की जा रही है।

प्रशासन की ओर से कांवड़ यात्रा मार्ग पर विभिन्न स्थानों पर कांवड़ सहायता शिविर स्थापित किए गए हैं, जहां श्रद्धालुओं को पेयजल, प्राथमिक उपचार और अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। जनपद की सभी तहसीलों में सेवा शिविरों और भंडारों का भी आयोजन किया गया है, जिससे यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

यात्रा के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। संवेदनशील और प्रमुख स्थानों पर सीसीटीवी और ड्रोन कैमरों से लगातार निगरानी की जा रही है। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी लगातार भ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायजा ले रहे हैं, ताकि यात्रा निर्बाध और सुरक्षित बनी रहे।

प्रशासन सामाजिक सौहार्द बनाए रखने के लिए जनप्रतिनिधियों, धर्मगुरुओं, आयोजकों और स्थानीय नागरिकों के साथ लगातार संवाद कर रहा है। कांवड़ यात्रा के दौरान विभिन्न स्थानों पर मुस्लिम समाज द्वारा कांवड़ यात्रियों पर पुष्पवर्षा कर गंगा-जमुनी तहजीब और सामाजिक सद्भाव का संदेश भी दिया जा रहा है।

जनपद के सभी उपजिलाधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी कर रहे हैं। कांवड़ मार्ग पर साफ-सफाई, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, यातायात, चिकित्सा सुविधा और सुरक्षा से जुड़े सभी विभागों के बीच समन्वय स्थापित कर व्यवस्थाओं को सुचारु बनाए रखा गया है।

जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने जनपदवासियों से अपील की है कि कांवड़ यात्रा के दौरान आपसी भाईचारा और सौहार्द बनाए रखें। उन्होंने कहा कि किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें और बिना सत्यापन के किसी भी सूचना या संदेश को सोशल मीडिया पर साझा न करें। यदि कोई संदिग्ध या असामाजिक गतिविधि दिखाई दे तो इसकी सूचना तत्काल पुलिस या जिला प्रशासन को दें।

जिलाधिकारी ने कहा कि जिला प्रशासन का लक्ष्य प्रत्येक कांवड़ यात्री को सुरक्षित, सुगम और बेहतर वातावरण उपलब्ध कराना है, ताकि यात्रा पूरी तरह शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हो सके और जनपद में कानून-व्यवस्था एवं सामाजिक सौहार्द कायम रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!