Bareilly News : पेट्रोल पंप पर सिक्योरिटी गार्ड की बंदूक से चली गोली, सेल्समैन की मौत

बरेली। (Security Guard’s gun shot at petrol pump) पेट्रोल पंप के सिक्योरिटी गार्ड की बंदूक से एकाएक चली गोली लगने से सेल्समैन की मौके पर ही मौत हो गई। यह घटना फरीदपुर में बीसलपुर रोड पर स्थित भारत पेट्रोलियम के पेट्रोल पंप पर सोमवार की रात हुई। पुलिस पेट्रोल पंप के सीसीटीवी कैमरे की रिकॉर्डिंग की जांच कर रही है।

भुता के गांव कंजा चकरपुर का रहने वाला चंद्रभान (50) इस पेट्रोल पंप एक साल से सेल्समैन था जबकि फरीदपुर के कैरशादी गांव का रवींद्र यादव यहीं पर सिक्योरिटी गार्ड का काम करता था। सोमवार की रात दोनों अपनी-अपनी ड्यूटी पर थे। पुलिस के मुताबिक इसी दौरान रवींद्र यादव की बंदूक से अचानक गोली  चल गई जो चंद्रभान के सिर में जा धंसी। चंद्रभान ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। पेट्रोल पंप के अन्य कर्मचारियों ने मामले की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने चंद्रभान का शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेजा। कोतवाल धनंजय सिंह ने बताया कि पेट्रोल पंप के सीसीटीवी कैमरे की रिकॉर्डिंग की जांच तक पता लगाया जा रहा है कि धोखे से गोली चली या हत्या की गई। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।  

error: Content is protected !!