बरेली@bareillylive:बरेली। शहर के सौंदर्यीकरण के साथ युवाओं में राष्ट्रीय चेतना और देशभक्ति की भावना जागृत करने की दिशा में रामपुर बाग स्थित पटेल चौक को नया स्वरूप दिया गया है। महापौर डॉ. उमेश गौतम ने फीता काटकर चौक पर स्थापित विभिन्न प्रतिमाओं का विधिवत अनावरण किया। नए स्वरूप में सजे पटेल चौक पर देश की सैन्य शक्ति, किसानों के परिश्रम और वैज्ञानिक उपलब्धियों की झलक देखने को मिल रही है।
चौक पर स्थापित प्रतिमाओं में भारतीय वायुसेना की पहली महिला फाइटर पायलट अवनी चतुर्वेदी और अंतरिक्ष यात्री शुभांशु शुक्ला की प्रतिमाएं विशेष आकर्षण का केंद्र रहीं। इन प्रतिमाओं के माध्यम से देश की बेटियों की उपलब्धियों, भारतीय युवाओं की प्रतिभा और अंतरिक्ष विज्ञान के क्षेत्र में भारत की प्रगति को दर्शाने का प्रयास किया गया है।
इस अवसर पर महापौर डॉ. उमेश गौतम ने कहा कि शहर के प्रमुख चौराहों का सौंदर्यीकरण केवल उनकी सुंदरता बढ़ाने तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि उन्हें प्रेरणा और राष्ट्रीय गौरव का प्रतीक भी बनाना चाहिए। पटेल चौक का नया स्वरूप युवाओं और विद्यार्थियों को राष्ट्र निर्माण में सेना, कृषि और विज्ञान के योगदान से परिचित कराएगा। साथ ही, महान उपलब्धियां हासिल करने वाले व्यक्तित्वों से प्रेरणा लेकर आगे बढ़ने का संदेश भी देगा।
कार्यक्रम में नगर आयुक्त संजीव कुमार मौर्य, अपर नगर आयुक्त शशिभूषण राय सहित नगर निगम के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।


Leave a Reply