सेवा संकल्प अभियान के तहत सेवा शिविर और रंगोली उत्सव आयोजित, जनकल्याणकारी योजनाओं व विकसित भारत-2047 का दिया संदेश
बरेली, 07 अक्टूबर 2026। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्षों के निरंतर सेवाकाल की जनकल्याणकारी उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने और नागरिकों को विकसित भारत-2047 के राष्ट्रीय संकल्प से जोड़ने के उद्देश्य से बरेली जनपद में चल रहे सेवा संकल्प अभियान के तहत बुधवार को विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए।
अभियान के अंतर्गत ‘सेवा के रंग राष्ट्र के संग’ थीम पर कलेक्ट्रेट परिसर समेत जनपद के विभिन्न विकासखंडों में आकर्षक और संदेशपरक रंगोलियां बनाई गईं। रंगोलियों में केंद्र एवं प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, राष्ट्रीय प्रतीकों, देश की विविधता और विकसित भारत के संकल्प को रचनात्मक तरीके से प्रदर्शित किया गया।
कलेक्ट्रेट में दिखी बरेली की संस्कृति और देश की विविधता
कलेक्ट्रेट परिसर में तैयार की गई भव्य रंगोली का अवलोकन वन एवं पर्यावरण मंत्री उत्तर प्रदेश डॉ. अरुण कुमार, सांसद बरेली छत्रपाल सिंह गंगवार, विधायक कैंट संजीव अग्रवाल, विधान परिषद सदस्य बहोरन लाल मौर्य, जिला पंचायत अध्यक्ष रश्मि पटेल सहित अन्य जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने किया।
इस दौरान जिलाधिकारी अविनाश सिंह, मुख्य विकास अधिकारी देवयानी, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ. विनीता सहित संबंधित अधिकारी एवं आमजन मौजूद रहे।
सभी जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने रंगोली तैयार करने वाले शिक्षकों की सराहना की। रंगोली में देश के विभिन्न राज्यों की विशिष्ट आकृतियों के साथ बरेली की पहचान से जुड़े झुमका तिराहा और घंटाघर को भी खूबसूरती से उकेरा गया।
रंगोली निर्माण में शिक्षक दुर्गा प्रसाद, गौरव शर्मा, अल्पना गुप्ता, किरण राणा, मीना कुमारी, सारिका सक्सेना और भरत सक्सेना का योगदान रहा।
‘सरकार आपके द्वार’ के तहत लगाए गए सेवा शिविर
‘सेवा सेतु अभियान-सरकार आपके द्वार’ थीम के तहत जिले के विभिन्न विकासखंडों में सेवा शिविरों का आयोजन किया गया। मझगवां, भदपुरा, शेरगढ़, फतेहगंज पश्चिमी, बहेड़ी, भुता, फरीदपुर और दमखोदा विकासखंडों में लगाए गए शिविरों में ग्रामीणों को विभिन्न सरकारी जनकल्याणकारी योजनाओं और सेवाओं की जानकारी दी गई।
शिविरों के माध्यम से पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए आवश्यक कार्रवाई भी की गई।
बिथरी चैनपुर में शिक्षिकाओं ने बनाई आकर्षक रंगोली
विकासखंड बिथरी चैनपुर कार्यालय परिसर में बेसिक शिक्षा विभाग की शिक्षिकाओं ने राष्ट्र की विविधता को प्रदर्शित करती हुई भव्य रंगोली तैयार की। इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि एडवोकेट हरेंद्र पटेल, कार्यालय स्टाफ, सहायक विकास अधिकारी तथा स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाएं मौजूद रहीं।
रंगोली तैयार करने में खंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय से आई शिक्षिकाओं की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
फतेहगंज पश्चिमी और मीरगंज में भी हुआ रंगोली उत्सव
फतेहगंज पश्चिमी विकासखंड में तैयार रंगोली का अवलोकन विधायक मीरगंज डी.सी. वर्मा एवं ब्लॉक प्रमुख ने किया। वहीं विकासखंड मीरगंज में भी विधायक डी.सी. वर्मा और ब्लॉक प्रमुख की मौजूदगी में रंगोली उत्सव कार्यक्रम आयोजित हुआ।
भुता में योजनाओं की जानकारी के साथ लाभार्थियों को मिले स्वीकृति पत्र
विकासखंड भुता में भाजपा आंवला जिला अध्यक्ष आदेश प्रताप सिंह ने रंगोली का अवलोकन किया। उन्होंने सेवा शिविर में लगाए गए विभिन्न स्टॉलों पर पहुंचकर जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी ली।
इस दौरान गर्भवती महिलाओं की गोद भराई, शिशुओं का अन्नप्राशन कराया गया और पात्र लाभार्थियों को विभिन्न योजनाओं के स्वीकृति पत्र भी प्रदान किए गए।
कई विकासखंडों में राष्ट्रभक्ति और विकसित भारत का संदेश
शेरगढ़ और आलमपुर जाफराबाद विकासखंडों में भी ‘सेवा के रंग राष्ट्र के संग’ थीम पर आकर्षक रंगोलियां तैयार की गईं। इसके अलावा बहेड़ी, क्यारा और फरीदपुर विकासखंडों में सेवा, राष्ट्रभक्ति, जनकल्याण और विकसित भारत के संकल्प को दर्शाती रंगोलियां बनाई गईं।
रंगोलियों के जरिए दिया विकसित भारत-2047 का संदेश
सेवा शिविरों और रंगोली उत्सव के माध्यम से सेवा, सुशासन, जनकल्याण, राष्ट्र की विविधता और विकसित भारत-2047 के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया गया। रंगोलियों ने जहां रचनात्मकता और देशभक्ति का संदेश दिया, वहीं सेवा शिविरों के जरिए ग्रामीण नागरिकों को सरकारी योजनाओं से जोड़ने पर जोर दिया गया।






Leave a Reply