The Voice of Bareilly since 2010

भोजीपुरा पुलिस ने पांच चोरी की घटनाओं का किया खुलासा, तीन आरोपी गिरफ्तार

भोजीपुरा पुलिस ने पांच चोरी की घटनाओं

bareillylive@bareillynews:चोरी की चार बैटरियां, इन्वर्टर, गैस सिलेंडर, मोबाइल और 4,200 रुपये बरामद

बरेली। थाना भोजीपुरा पुलिस ने क्षेत्र में हुई पांच चोरी की घटनाओं का खुलासा करते हुए तीन शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की चार बैटरियां, एक इन्वर्टर, एक गैस सिलेंडर, एक मोबाइल फोन और 4,200 रुपये नकद बरामद किए हैं।

प्रभारी निरीक्षक कुंवर बहादुर सिंह के निर्देशन में गठित पुलिस टीम शुक्रवार को लगातार गश्त और संदिग्धों की निगरानी कर रही थी। मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने दोपहर करीब 12:30 बजे भूड़ा क्रॉसिंग के पास तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

दिन में करते थे रेकी, रात में चोरी

पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपियों ने भोजीपुरा क्षेत्र में हुई कई चोरी की घटनाओं में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। तीनों आरोपी दिन में गांव-गांव फेरी लगाने के बहाने घूमकर घरों और सरकारी संस्थानों की रेकी करते थे। इसके बाद रात में सूने मकानों और सरकारी संस्थानों को निशाना बनाकर चोरी की वारदात को अंजाम देते थे।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान पूरन लाल निवासी मूड़ा, चंद्रपाल साहू निवासी भूड़ा और अजय निवासी करमपुर चौधरी, इज्जतनगर के रूप में हुई है।

इन स्थानों पर की थी चोरी

पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने करमपुर ठाकुरान, मोहम्मदपुर ठाकुरान स्थित कंपोजिट विद्यालय, एल्डिको सिटी दोहना, मुड़िया चेतराम और जल्ला लाडपुर स्थित सरकारी गोदाम में चोरी की वारदातें कबूल की हैं।

इन घटनाओं के संबंध में भोजीपुरा थाने में पहले से पांच मुकदमे दर्ज थे। पुलिस ने साक्ष्यों के आधार पर दो मुकदमों में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की अतिरिक्त धाराएं भी बढ़ाई हैं।

पुलिस ने बरामद सामान को कब्जे में लेकर तीनों आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई पूरी की और उन्हें न्यायालय में पेश किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!