The Voice of Bareilly since 2010

प्रेमी संग मिलकर पति की हत्या, फिर उसी पर लगा दिया हत्या का आरोप; खाई से मिला शव

bareillylive-प्रेमी संग मिलकर पति की हत्या

थाना भुता के फैजनगर में प्रेम-प्रसंग के बीच युवक की हत्या, पत्नी और कथित प्रेमी हिरासत में

बरेली@bareillylive:फरीदपुर, बरेली। थाना भुता क्षेत्र के ग्राम फैजनगर में करीब एक सप्ताह से लापता युवक की तलाश का मामला सनसनीखेज हत्याकांड में बदल गया। पुलिस के मुताबिक, युवक की हत्या के मामले में उसकी पत्नी और उसके कथित प्रेमी की भूमिका सामने आई है। आरोप है कि हत्या के बाद शव को बोरे में भरकर गांव से कुछ दूरी पर मिर्जापुर स्थित भट्ठे के पास खाई में फेंक दिया गया। पुलिस के अनुसार, वारदात के बाद गुमशुदगी दर्ज कराकर मामले को भटकाने और बाद में एक-दूसरे पर आरोप लगाने की कोशिश की गई।

पुलिस के अनुसार, घटनाक्रम की शुरुआत 10 सितंबर को हुई। बताया गया कि पप्पू (38) ने अपनी पत्नी नरगिस (35) को राजा उर्फ रियाज (25) के साथ घर पर आपत्तिजनक स्थिति में देख लिया था। इसको लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ। पुलिस की अब तक की पूछताछ में सामने आए तथ्यों के मुताबिक, 11 सितंबर को दिन में हत्या की योजना बनाई गई और उसी रात करीब 12:30 बजे पप्पू की हत्या कर दी गई। इसके बाद शव को बोरे में भरकर ठिकाने लगा दिया गया।

पहले गुमशुदगी दर्ज कराई, फिर प्रेमी पर लगाया हत्या का आरोप

पुलिस के मुताबिक, घटना के बाद मामले को गुमशुदगी का रूप देने की कोशिश की गई। 15 सितंबर को नरगिस और राजा उर्फ रियाज थाना भुता पहुंचे और पप्पू के लापता होने की सूचना दी। पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर जांच शुरू की।

अगले दिन 16 सितंबर को नरगिस थाने पहुंची और राजा उर्फ रियाज पर अपने पति की हत्या कर शव ठिकाने लगाने का आरोप लगाते हुए नामजद तहरीर दी। इसके बाद पुलिस ने राजा को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की। पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान राजा ने हत्या में अपनी भूमिका स्वीकार करने के साथ ही नरगिस की संलिप्तता की बात भी बताई।

कर्बला तालाब में तलाश के बाद खाई से मिला शव

इसके बाद पुलिस ने दोनों से पूछताछ कर शव की तलाश शुरू की। पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपियों के बताए स्थान के आधार पर 18 सितंबर की सुबह करीब आठ बजे फैजनगर के पास कर्बला तालाब में गोताखोरों और रेस्क्यू टीम की मदद से शव की तलाश शुरू की गई। कई घंटे की मशक्कत के बावजूद वहां शव नहीं मिला।

इसके बाद इंस्पेक्टर रविंदर कुमार ने दोनों से दोबारा पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपियों ने शव ठिकाने लगाए जाने का स्थान बताया। इसके बाद पुलिस राजा को साथ लेकर फैजनगर से कुछ दूरी पर मिर्जापुर भट्ठे के पास पहुंची। आरोपियों की निशानदेही पर वहां खाई से पप्पू का शव बरामद कर लिया गया।

शव बरामद होने की खबर फैलते ही इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

चार साल से नरगिस और राजा के संबंध होने का दावा

मृतक पप्पू के भाई बुन्दन के अनुसार, करीब चार वर्ष पहले वह और पप्पू अपने परिवार के साथ जिला बदायूं के ग्राम बलिया में रहते थे। उनके मुताबिक, वहीं भुता क्षेत्र के ग्राम फैजनगर निवासी राजा उर्फ रियाज के नरगिस से प्रेम संबंध बन गए थे।

बुन्दन के अनुसार, करीब तीन वर्ष पहले पप्पू ने बलिया का मकान बेचकर फैजनगर में मकान खरीद लिया और सिलाई का काम करके परिवार का पालन-पोषण करने लगा। दोनों गांव एक ही क्षेत्र में होने के कारण नरगिस और राजा की कथित नजदीकियां बनी रहीं।

इंस्पेक्टर रविंदर कुमार ने बताया कि शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। दोनों आरोपियों से पूछताछ जारी है। हत्या की वजह, वारदात के तरीके और घटनाक्रम में किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका की भी जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और विवेचना के बाद मामले से जुड़े अन्य तथ्य स्पष्ट होंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!