bareillylive@bareillynews:बरेली। सुभाषनगर थाना क्षेत्र के बंशीनगला स्थित मांझे वाली बगिया में शनिवार देर रात भाजपा ओबीसी मोर्चा के मढ़ीनाथ मंडल उपाध्यक्ष सचिन कश्यप (35) की धारदार हथियार से गोदकर हत्या कर दी गई। वारदात के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। परिजन गंभीर हालत में सचिन को जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। नामजद आरोपियों की तलाश में पुलिस की टीमें दबिश दे रही हैं।
मृतक के भाई के मुताबिक, शनिवार शाम सचिन कश्यप घर के पास मांझे वाली मठिया के नजदीक अपने दोस्तों नितिन और सतीश के साथ बैठे थे। इसी दौरान रोहित ठाकुर उर्फ बाबू, अमित, आशीष मौर्य और रोहित की मां वहां पहुंच गए। आरोप है कि रोहित ने नितिन से गाली-गलौज शुरू कर दी। विवाद बढ़ता देख सचिन बीच-बचाव करने पहुंच गए।
आरोप है कि इसी दौरान अमित और आशीष मौर्य ने सचिन के हाथ पकड़ लिए। रोहित ठाकुर उर्फ बाबू ने गुप्ती जैसे धारदार हथियार से सचिन के गले और सीने पर कई वार कर दिए। हमले में सचिन गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़े। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
परिजन आनन-फानन में सचिन को जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही सुभाषनगर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
एक माह पहले भी हुआ था विवाद
परिजनों का कहना है कि करीब एक माह पहले भी सचिन और रोहित ठाकुर के बीच विवाद हुआ था। उस समय दोनों पक्षों के बीच समझौता हो गया था। आरोप है कि इसी पुरानी रंजिश को लेकर शनिवार रात फिर विवाद हुआ और सचिन की हत्या कर दी गई।
तीन नामजद आरोपियों की तलाश
पुलिस के अनुसार मामले में रोहित ठाकुर उर्फ बाबू, अमित और आशीष मौर्य को नामजद किया गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच और आगे की कार्रवाई की जा रही है।






Leave a Reply